NEET Arrest: सीबीआई ने कथित नीट-यूजी परीक्षा गड़बड़ी के सिलसिले में गोधरा में एक निजी स्कूल के मालिक को गिरफ्तार किया। इसपर नीट परीक्षा में धांधली करने का आरोप है।
गोधरा स्कूल का मालिक गिरफ्तार
लोक अभियोजक राकेश ठाकोर ने बताया कि पंचमहल जिले में गोधरा के निकट स्थित जय जलाराम स्कूल के मालिक दीक्षित पटेल को तड़के उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि सीबीआई पटेल को अब रिमांड पर लेने के लिए अहमदाबाद ले जा रही है। ठाकोर ने कहा- ‘‘क्योंकि मामला गुजरात सरकार द्वारा सीबीआई को सौंप दिया गया है, इसलिए सीबीआई की एक टीम उन्हें (दीक्षित पटेल) अहमदाबाद में एक अदालत के समक्ष पेश करेगी ताकि उनकी रिमांड हासिल की जा सके।’’
इस केंद्र पर भी हुई थी परीक्षा
जय जलाराम स्कूल उन निर्धारित केंद्रों में से एक था जहां पांच मई को नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की गई थी। पटेल इस मामले में गिरफ्तार होने वाले छठे व्यक्ति हैं, जिसमें आरोपियों ने उम्मीदवारों से परीक्षा उत्तीर्ण करने में मदद करने के लिए 10 लाख रुपये की कथित तौर पर मांग की थी।
कैसे रडार पर आए आरोपी
नीट में गड़बड़ी करने के आरोप में गुजरात पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ढाई करोड़ रुपए के मनी ट्रेल की बात सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रों से पैसे लेकर नीट परीक्षा पास कराने का गोरखधंधा चल रहा था। पिछले महीने पंचमहल जिले के कलेक्टर को मिली सूचना के आधार पर गोधरा के जय जलाराम स्कूल के नीट परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि बच्चों से पैसे लेकर परीक्षा पास कराने का खेल हुआ है।
