Chandigarh University Viral Video: एक लड़की 60 शिकार...? लड़कियों के नहाने का वीडियो का सच, आखिर किसके इशारे पर हो रहा था ये 'गंदा' काम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 18, 2022, 11:22 PM IST

Chandigarh University Viral Video: पुलिस ने लड़कियों के नहाने का वीडियो बनाने के मामले में एक एमबीए की छात्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी लड़की हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है।

Chandigarh University Viral Video: एक लड़की 60 शिकार...? लड़कियों के नहाने का वीडियो का सच, आखिर किसके इशारे पर हो रहा था ये 'गंदा' काम
Photo Credit: PTI

Chandigarh University Viral Video: रविवार की सुबह पंजाब से एक ऐसी खबर आई, जिसने सबको हिलाकर रख दिया। मोहाली के एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में 60 छात्राओं के नहाने का वीडियो बनाने और उसे वायरल करने का मामला सामने आया। खबर आई कि कुछ लड़कियों ने वीडियो वायरल होने के बाद सुसाइड की कोशिश की है। सुसाइड वाली बात ने आग में घी का काम किया और पंजाब से शुरू हुआ बवाल दिल्ली तक पहुंच गया। शुरूआती घटना के बाद इसे लेकर कई दावे किए हैं। एक दावा छात्राओं का है, एक पुलिस का और एक वायरल वीडियो का...। आइए जानते हैं इस मामले का सच क्या है...?

लड़कियों का आरोप 

सबसे पहले यूनिवर्सिटी के होस्टल में रहने वाली लड़कियों ने आरोप लगाया कि 60 लड़कियों के नहाने का वीडियो एक लड़की ने शूट करके वायरल कर दिया है। यह खबर यूनिवर्सिटी में आग की तरह फैल गई और छात्राएं विरोध प्रदर्शन पर उतर गईं। हंगामा शुरू हो गया। पुलिस को बुला लिया गया। खबर आई कि कुछ लड़कियों ने आत्महत्या का प्रयास किया है। एक लड़की को अस्पताल ले जाया गया और आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी लड़की क्या बोली

मोहाली के एसएसपी विवेक सोनी ने दावा किया कि प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस को सिर्फ एक वीडियो मिला है, जो आरोपी छात्रा का ही है। किसी और लड़की का वीडियो नहीं मिला है। पुलिस ने दावा किया है कि छात्रा ने उन्हें यह भी बताया कि उसने किसी और का कोई अन्य वीडियो रिकॉर्ड नहीं किया था। लड़की ये वीडियो अपने शिमला में रहने वाले दोस्त को रिकॉर्ड करके भेजती थी। वहीं उसे इंटरनेट पर डालता था। लड़की के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। इसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

यूनिवर्सिटी ने क्या कहा

यूनिवर्सिटी ने भी वही दावा किया है जो पुलिस कह रही है। मतलब किसी भी छात्रा ने सुसाइड की कोशिश नहीं की है। लड़की ने सिर्फ अपना ही वीडियो बनाया था। किसी और का नहीं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। छात्र शांत रहे, पूरी तरह से न्याय होगा।

वार्डन वाले वीडियो में क्या है

इन दावों से इतर एक वीडियो भी सामने आया है। जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इसमें वो आरोपी लड़की मौजूद है और उसे वार्डन वीडियो को लेकर डांट रही है। वीडियो में लड़की बोलती है कि शिमला का एक लड़का है जिसने वीडियो बनाने के लिए कहा था।  

पंजाब से लेकर दिल्ली तक हंगामा

जैसे ही इस घटना की खबर उठी, दिल्ली तक में हलचल मच गई। दिल्ली सीएम केजरीवाल ने प्रदर्शनकारी छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। धैर्य रखें। वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की बात कही है।

हालांकि पुलिस, यूनिवर्सिटी सरकार सभा का दावा भले ही कुछ हो, लेकिन वार्डन के वीडियो और पीड़ितों को लेकर छात्राओं का आक्रोश कम होता नहीं दिख रहा है। अभी भी विरोध प्रदर्शन जारी ही है।

End of Article