Madhya Pradesh: रतलाम में शादी से पहले ब्यूटी पार्लर में महिला की गला रेत कर हत्या, पूर्व प्रेमी पर शक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 6, 2020, 03:47 PM IST

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जौरा कस्बे में एक महिला की शादी वाले दिन ब्यूटी पार्लर में हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि ये काम उसके कथित पूर्व प्रेमी ने किया है। पुलिस उसकी जांच में जुट गई है।

Madhya Pradesh: रतलाम में शादी से पहले ब्यूटी पार्लर में महिला की गला रेत कर हत्या, पूर्व प्रेमी पर शक

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शादी से कुछ घंटे पहले एक दुल्हन की ब्यूटी पार्लर में हत्या कर दी गई। यह घटना जिले के जौरा कस्बे में रविवार को हुई। महिला ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवा रही थी और शादी के लिए तैयार हो रही थी, तभी ये घटना हुई। पुलिस को संदेह है कि हत्या में उसके पूर्व प्रेमी राम यादव की भूमिका हो सकती है।

पुलिस ने कहा कि आदमी ने उसका गला रेत दिया और राजस्थान भाग गया। जिला पुलिस ने कहा कि आरोपी के दोस्त जिसने कथित तौर पर अपराध में उसका साथ दिया और सीमा पार करने में उसकी मदद की, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

मृतका की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है, जो दूसरी बार शादी करने जा रही थी। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले की रहने वाली यह महिला शादी वाले दिन सुबह अपने परिवार के साथ जौरा आई थी। कुछ समय बाद वह अपने चचेरे भाई के साथ ब्यूटी पार्लर गई। जैसे ही वह पार्लर पहुंची, सोनू को उसके संदिग्ध प्रेमी राम यादव के फोन आने शुरू हो गए लेकिन उसने उसकी सभी कॉल को नजरअंदाज कर दिया।

फोन कर जानी सोनू की लोकेशन

बाद में यादव ने अपने दोस्त के मोबाइल नंबर से सोनू को फोन किया। चूंकि यह एक अज्ञात नंबर था, इसलिए सोनू ने फोन उठाया और यादव उससे उसकी लोकेशन जानने में सफल रहा। इसके बाद यादव ब्यूटी पार्लर आया और सोनू का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोनू की हत्या करने के बाद, राम यादव अपने दोस्त पवन पांचाल की बाइक पर भाग गया। पांचाल ने कथित रूप से राजस्थान के एक बस स्टॉप पर आरोपी को छोड़ दिया। राजस्थान की सीमा रतलाम से सिर्फ 25 किमी दूर है। 

3 साल पहले हुई थी मुलाकात

पुलिस ने पांचाल को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह रतलाम वापस जा रहा था। पुलिस ने अब राम यादव को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। पांचाल के मुताबिक, सोनू यादव तीन साल पहले एक समारोह में राम से मिली थी। जल्द ही दोनों का अफेयर हो गया। पुलिस ने कहा कि जब राम यादव को सोनू की शादी  के बारे में पता चला, तो उसने उसे मारने का फैसला किया। 

End of Article