'पुलिस में हमारे जासूस हैं'; गौतम गंभीर को 'ISIS कश्मीर' से तीसरी बार मिली मौत की धमकी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 28, 2021, 05:51 PM IST

पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद गौतम गंभीर को कथित तौर पर 'आईएसआईएस कश्मीर' से एक और मौत की धमकी मिली है। उन्हें 6 दिनों में तीसरी बार धमकी मिल चुकी है।

'पुलिस में हमारे जासूस हैं'; गौतम गंभीर को 'ISIS कश्मीर' से तीसरी बार मिली मौत की धमकी

नई दिल्ली: बीजेपी सांसद गौतम गंभीर को 'आईएसआईएस कश्मीर' से तीसरी बार जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरे ईमेल में उल्लेख किया गया है कि दिल्ली पुलिस में कथित आतंकी संगठन के जासूस पूर्व क्रिकेटर पर नजर रख रहे हैं। ईमेल में डीसीपी सेंट्रल श्वेता चौहान का जिक्र है, जिन्होंने धमकी भरे ईमेल के बारे में पहले मीडिया से बात की थी। मेल में लिखा हुआ है कि आपकी दिल्ली पुलिस और IPS श्वेता कुछ भी नहीं उखाड़ सकतीं। हमारे जासूस भी पुलिस में मौजूद हैं, हम आपके बारे में सारी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। 

गंभीर को ये ईमेल 28 नवंबर को रात 1:37 बजे मिला। धमकी ईमेल एड्रेस isiskashmir@yahoo.com से भेजी गई थी। पिछले हफ्ते क्रिकेटर से नेता बने गंभीर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 'आईएसआईएस कश्मीर' होने का दावा करने वाले व्यक्ति या संगठन से जान से मारने की धमकी मिली थी। तब isiskashmir@gmail.com पते से ईमेल पर जान से मारने की धमकी भेजी गई थी। गंभीर की शिकायत के बाद दिल्ली के राजेंद्र नगर में उनके आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

पहले ईमेल में लिखा था कि हम आपको और आपके परिवार को मारने जा रहे हैं। इसके तुरंत बाद उन्हें दूसरा ई-मेल मिला जिसमें लिखा था कि हम तुम्हें मारने का इरादा रखते थे, लेकिन तुम कल बच गए। यदि आप अपने परिवार के जीवन से प्यार करते हैं, तो राजनीति और कश्मीर मुद्दे से दूर रहें। दूसरे ईमेल में गौतम गंभीर के दिल्ली आवास के बाहर शूट किया गया वीडियो का भी अटैचमेंट था।

दिल्ली पुलिस ने Google से संपर्क किया था, खाता संचालकों और पंजीकृत आईडी के बारे में जानकारी मांगी थी जिसके माध्यम से कथित ईमेल भेजे गए थे। सूत्र ने बताया कि गूगल की जानकारी के अनुसार मेल पाकिस्तान से भेजा गया था। 

End of Article