BJP के पूर्व सांसद विजय गोयल का फोन बरामद, पुलिस ने खंगाले करीब 100 CCTV फुटेज, आरोपी गिरफ्तार 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 15, 2022, 10:42 PM IST

Vijay Goel Mobile Phone: बीजेपी के पूर्व सांसद विजय गोयल से छीना गया मोबाइल फोन दिल्ली पुलिस ने महज कुछ घंटों के अंदर ही बरामद कर झपटमारी के आरोपी युवक समेत दो लोगों को अरेस्ट किया है।

BJP के पूर्व सांसद विजय गोयल का फोन बरामद, पुलिस ने खंगाले करीब 100 CCTV फुटेज, आरोपी गिरफ्तार 

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने पूर्व सांसद विजय गोयल का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और उनसे फोन छीनने के आरोप में 22 साल एक युवक और इस फोन को खरीदने वाले एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दरियागंज निवासी साजन ने गत शाम को गोयल का फोन उस समय कथित तौर पर छीन लिया था, जब वह अपर सुभाष मार्ग से होकर दरियागंज से लाल किले की ओर जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि साजन ने उत्तरी दिल्ली में लाल किले के समीप गोयल का फोन कथित तौर पर छीन लिया था और उसे दरियागंज इलाके से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। आरोपी पहले भी चार ऐसे मामलों में शामिल रहा है।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया था कि शाम करीब छह बजकर 45 मिनट पर गोयल की कार जब जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के समीप पहुंची, तो नीले रंग की कमीज और सफेद टोपी पहने हुए एक शख्स उनकी तरफ आया और उनके हाथ से फोन छीनकर भाग गया।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच की

पुलिस ने बताया कि उन्होंने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिससे उन्हें आरोपी की पहचान करने में मदद मिली और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल फोन मुरादाबाद के आसिफ को 2,200 रुपये में बेच दिया

कलसी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी ने अपने कपड़े बदल लिए थे और वारदात के वक्त उसने जो कपड़े पहन रखे थे, उन्हें बरामद कर लिया गया है।अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद साजन ने पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोहम्मद आसिफ को 2,200 रुपये में बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर आसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वह एक दुकान में सहायक के तौर पर काम करता है। पुलिस ने बताया कि आसिफ से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। साजन पहले झपटमारी और शस्त्र कानून संबंधी चार मामलों में शामिल रहा है।

End of Article