MP के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई और भाभी की ग्रेटर नोएडा में हत्या

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2021, 03:25 PM IST

Greater Noida double murder: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा  में अल्फा-2 के रहने वाले बुजुर्ग दंपति कारोबारी नरेंद्र नाथ और उनकी पत्नी सुमन नाथ की हत्या कर दी गई।

MP के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई और भाभी की ग्रेटर नोएडा में हत्या

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग दंपति की उनके घर में हत्या कर दी गई। पुलिस को संदेह है कि दंपति के घर गुरुवार रात पार्टी में आए महमानों का इस कृत्य में हाथ है। अल्फा-2 में रहने वाले बुजुर्ग नरेंद्र नाथ और उनकी पत्नी सुमन नाथ की बृहस्पतिवार की देर रात निर्मम हत्या हो गई, नाथ, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई थे।

वहीं पुलिस अफसरों ने दावा किया है कि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान हो गई है और उनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस की पांच टीम विभिन्न जगहों पर छापामारी कर रही है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की गई है।

सुमन नाथ की आयु लगभग 65 वर्ष की थी और उनके पति नरेंद्र नाथ की आयु 70 वर्ष के आसपास थी, जो सेक्टर अल्फा 2 में अपने निवास पर मृत पाए गए।

अपर पुलिस आयुक्त ने बताया, 'थाना बीटा-दो क्षेत्र के अल्फा- 2 में रहने वाले नरेंद्र नाथ  तथा उनकी पत्नी सुमन नाथ की बृहस्पतिवार की देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पुलिस को शुक्रवार सुबह मिली जब उनकी बेटी अपने माता-पिता के घर पहुंची। उन्होंने ही पुलिस को घटना की सूचना दी।'अपर आयुक्त ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीम बनाई गई हैं। पुलिस सर्विलांस विधि, वैज्ञानिक विधि और मुखबिरी पद्धति के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

वारदात वाले घर में रात को हुई थी पार्टी

उन्होंने बताया, 'प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि दंपती की हत्या में नरेंद्र नाथ के साथ घटना वाले दिन बैठकर पार्टी करने वाले लोगों का हाथ है।' आयुक्त ने बताया, 'उन्होंने कई लोगों को लाखों रुपए उधार दिए थे। घटना वाले दिन उनके साथ कुछ लोगों ने बैठकर शराब ली तथा उक्त घटना को अंजाम दिया। पुलिस को वारदात करने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिल गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।' उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को जबरन प्रवेश का कोई सबूत नहीं मिला

फोरेंसिक टीमों ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं और पुलिस पार्टी के अटेंडरों को गिरफ्तार कर रही है। पुलिस को जबरन प्रवेश का कोई सबूत नहीं मिला, इसलिए प्रारंभिक संदेह उन मेहमानों पर है, जिन्होंने पार्टी में भाग लिया था। पुलिस यह जानने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है कि क्या किसी अन्य व्यक्ति को अपराध स्थल के पास देखा गया।
 

End of Article