क्राइम

किसकी गलती से गई अररिया में ASI की जान? फुलकाहा थानाध्यक्ष निलंबित, पुलिस वाहन चालक लाइन हाजिर

Araria ASI Death Case: थानाध्यक्ष द्वारा आत्मरक्षार्थ तथा छापेमारी दल की सुरक्षा के लिए गोलीबारी नहीं की गयी और न ही गोलियां चलाने का निर्देश ही दिया गया। इस कारण छापेमारी दल में शामिल एएसआई राजीव रंजन मल्ल की अभियुक्त एवं उनके समर्थकों द्वारा धक्का मुक्की में गिरने से मौत हो गई

Image

अररिया में गांजा तस्कर पर छापे के दौरान एएसआई की हो गई थी मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

Araria ASI Death Case: बिहार के अररिया जिले में गांजा तस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर एक आरोपी को छुड़ा लिये जाने के दौरान ASI राजीव रंजन मल्ल की मौत हो गई थी। एएसआई की मौत के मामले में फुलकाहा थानाध्यक्ष रौनक कुमार को निलंबित कर दिया गया है और पुलिस वाहन चालक लाइन हाजिर कर दिया गया है।

डीआईजी ने लिया एक्शन

जांच के पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) पी के मंडल द्वारा मंगलवार को अररिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) को प्रेषित किये गये एक आदेश के अनुसार कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में फुलकाहा के थाना अध्यक्ष रौनक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उक्त थाने के वाहन चालक सह गृहरक्षक अजय कुमार पासवान को लाइन हाजिर किया गया है।

किसकी गलती

आदेश के अनुसार गवाहों एवं साक्ष्य के मुताबिक घटना के दिन फुलकाहा के थानाध्यक्ष गैर जिम्मेदाराना तरीके से छापेमारी दल का नेतृत्व किया। सरकारी वाहन को उलटी दिशा में रखा गया था जिस कारण अभियुक्त को गिरफ्तार कर लौटने के क्रम में चालक द्वारा वाहन को पीछा नहीं किए जाने के कारण अपराधी हमलाकर अनमोल यादव को छुड़ा लिया गया तथा वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

गोली चलाने का नहीं दिया गया था आदेश

आदेश में यह भी कहा गया है कि थानाध्यक्ष द्वारा आत्मरक्षार्थ तथा छापेमारी दल की सुरक्षा के लिए गोलीबारी नहीं की गयी और न ही गोलियां चलाने का निर्देश ही दिया गया। इस कारण छापेमारी दल में शामिल एएसआई राजीव रंजन मल्ल की अभियुक्त एवं उनके समर्थकों द्वारा धक्का मुक्की में गिरने से मौत हो गई।

12 मार्च को हुई छापेमारी

बिहार मधनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, एन०डी०पी०एस० एक्ट एवं अन्य आपराधिक मामलों में फिरार अभियुक्त अनमोल यादव की गिरफ्तारी के लिए फुलकाहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में 12 मार्च को उक्त छापामारी की गयी थी। छापेमारी के दौरान अभियुक्त अनमोल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन उसके समर्थकों द्वारा छापामारी टीम पर हमला करते हुए अनमोल यादव को छुड़ा लिया गया गया। इस क्रम में पुलिस टीम के साथ हुई धक्का-मुक्की में एएसआई राजीव रंजन मल्ल गिर गए एवं अचेत हो गये। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article