क्राइम

अनिल दुजाना की कहानी: कोर्ट में सगाई, जमानत पर शादी, दिलचस्प है किस्सा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 5, 2023, 10:14 AM IST

दुजाना के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी के कई मामले दर्ज थे। अनिल दुजाना से जुड़े कई किस्से अब सामने आ रहे हैं।

Image

अनिल दुजाना की कहानी

Photo : IANS

Anil Dujana Encounter: ग्रेटर नोएडा के कुख्यात बदमाश अनिल दुजाना को यूपी एसटीफ ने मेरठ में एनकाउंटर में मार गिराया। हत्या के एक मामले में अनिल दुजाना 2021 में जमानत पर जेल से बाहर आया था और तभी से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। दुजाना के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी के कई मामले दर्ज थे। अनिल दुजाना से जुड़े कई किस्से अब सामने आ रहे हैं।

दुजान पर 60 से अधिक मामले दर्ज थे

अनिल दुजाना गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था। वह बादलपुर के दुजाना गांव में रहता था। उसका असली नाम अनिल नागर था। बाद में उसने अपना नाम अनिल दुजाना रख लिया। उसने अपराध की दुनिया में पहली बार 2002 में कदम रखा था। तब उसके खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर के हरवीर पहलवान की हत्या का आरोप लगा था। इसके बाद से उसके खिलाफ कई थानों में रंगदारी, लूट, हत्या और अपहरण के 60 से अधिक मुकदमे दर्ज हो गए। उसके खौफ से लोग कांपते थे।

अनिल दुजाना पर 18 मर्डर समेत रंगदारी, लूटपाट, जमीन पर कब्जा, कब्जा छुड़वाना और आर्म्स एक्ट समेत 62 केस दर्ज थे। उस पर रासुका और गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका था। बुलंदशहर पुलिस ने 25 हजार और नोएडा पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। पुराने मामलों में अदालत में पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ गैरजमानती वॉरंट जारी किया गया था।

शादी से जुड़ा किस्सा

अनिल दुजाना की शादी से जुड़ा किस्सा बेहद दिलचस्प है। इस शादी कुछ अजीब वजह से हुई थी। बताते हैं कि बागपत के रहने वाले लीलू का राजकुमार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। राजकुमार ने लीलू से मुकाबला करने के लिए अपनी दो बेटियों की शादी कुख्यात अपराधियों हरेंद्र खड़खड़ा और उनके भाई से करा दी थी।

तब लीलू ने खुद को कमजोर मानकर अपनी बेटी पूजा की शादी हरेंद्र से भी बड़े अपराधी से करवाने की ठान ली थी। उनकी नजर तब तेजी से उभर रहे गैंगस्टर अनिल दुजाना पर टिकी और उसने अपनी बेटी पूजा की शादी उससे करवा दी। लेकिन अनिल दुजाना जेल में था और सवाल था कि शादी कैसे हो पाएगी। इसका भी तोड़ निकाल लिया गया।

16 फरवरी 2019 को एक मामले में अनिल दुजाना को की ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर कोर्ट में पेशी थी। इसी दौरान अनिल दुजाना की कोर्ट में ही पूजा से सगाई करवा दी गई। फरवरी 2021 में अनिल दुजाना जमानत पर बाहर आया और पूजा से शादी कर ली। बताते हैं कि अनिल दुजाना की पत्नी उससे मिलने जेल जाया करती थी। दोनों की एक बेटी है।

यूपी के टॉप बदमाशों में शामिल था अनिल दुजाना

अनिल दुजाना उत्तर प्रदेश के टॉप बदमाशों में शामिल था। कुछ दिनों पहले यूपी सीएमओ ऑफिस से टॉप 65 माफिया की लिस्ट से जारी की गई थी जिसमें अनिल दुजाना का नाम भी शामिल था। इसमें पुलिस ने बताया था कि गौतमबुद्ध नगर में 7 कुख्यात बदमाश हैं। इनमें से इस समय 6 जेल में बंद है और अनिल दुजाना फरार चल रहा है।

सुंदर भाटी गैंग से थी दुश्मनी

दुजाना की कुख्यात माफिया सुंदर भाटी और उसके गैंग से रंजिश चल रही थी। दोनों की दुश्मनी में कई हत्याएं हो चुकी हैं। दुजाना बेहद दुस्साहसी था। साल 2012 में दुजाना और उसके गैंग ने सुंदर भाटी और उसके करीबियों पर एके-47 राइफल से हमला किया था। दोनों गैंग सरकारी ठेकों, सरिया की चोरी और टोल के ठेकों को लेकर भिड़ते रहते थे। दुजाना को सुंदर भाटी से जान का खतरा था। यही वजह थी कि पुलिस दुजाना को बुलेटप्रूफ जैकेट में पेशी पर कोर्ट लेकर जाती थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article