सिवान : जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं 2 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। घायलों को सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों ने गांव के ही दबंगों पर शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को देने को लेकर तलवार से हमला करने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया ओवरब्रिज की है। मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित लोगों ने एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। दुकानदारों ने बाजार की सभी दुकानें बंद कर ली हैं। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सिवान एसपी मनोज तिवारी और एसडीपीओ घटना स्थल पर पहुंचे हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
