क्राइम

'घर में मुझसे कोई कुछ नहीं कहता,तो आप कौन हैं?' स्कूल में 12वीं के छात्र ने शिक्षिका को जड़ा थप्पड़ और...

पंचमहल जिले में 12वीं के एक छात्र द्वारा शिक्षिका को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। ये तब हुआ जब कक्षा की प्रारंभिक परीक्षा में देर से आने पर टीचर द्वारा उसे डांट लगा दी गई।

Image

गुजरात में छात्र की दादागिरी।

गुजरात के पंचमहल जिला के शेहरा कस्बे में एक स्कूल के भीतर छात्र की गुंडागर्दी और अनुशासनहीनता की गंभीर घटना सामने आई है। यहां 12वीं कक्षा की प्रारंभिक परीक्षा में देर से पहुंचने पर हल्की फटकार से नाराज एक छात्र ने महिला शिक्षिका को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

'आप कौन होती हैं सवाल पूछने वाली?'

पुलिस के मुताबिक, यह घटना एस.जे. दवे हाई स्कूल में 24 जनवरी को हुई। छात्र परीक्षा शुरू होने के बाद स्कूल पहुंचा था। जब ड्यूटी पर तैनात महिला पर्यवेक्षक ने उससे देरी का कारण पूछा,तो उसने कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा में जवाब दिया। उसने कहा कि घर में मुझसे कोई कुछ नहीं पूछता,तो आप कौन होती हैं सवाल करने वाली?

और जड़ दिया थप्पड़

आरोप है कि इसके बाद छात्र ने गुस्से में आकर शिक्षिका को थप्पड़ मार दिया और धक्का देकर कक्षा से बाहर निकल गया। पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

घटना के बाद धमकी का आरोप

इतना ही नहीं मामला यहीं नहीं रुका। तीन दिन बाद छात्र अपने पिता और करीब 15–20 अन्य लोगों के साथ दोबारा स्कूल पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान उसने शिक्षिका को धमकी भरे लहजे में कहा कि वह कस्बे में अकेली रहती हैं, ऐसे में उनके लिए अच्छा नहीं होगा।इस धमकी के बादस्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।

हालांकि, आरोपी छात्र का दावा है कि वह अपने पिता और परिचितों के साथ स्कूल केवल माफी मांगने गया था और किसी को धमकाने का उसका इरादा नहीं था।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीन फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस निरीक्षक अंकुर चौधरी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने सीन रीक्रिएशन भी किया। वहीं, 18 वर्षीय आरोपी छात्र को बाद में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया,जहां से उसे शुक्रवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन छात्र के पिता ने स्कूल प्रशासन और प्रभारी प्रधानाचार्य से माफी मांगी थी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article