IND vs SA: सुरेश रैना ने किया खुलासा, कप्‍तान केएल राहुल से युवाओं को क्‍या फायदा मिलेगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 6, 2022, 06:49 PM IST

Suresh Raina on KL Rahul: पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने कहा कि केएल राहुल कप्‍तान के रूप में पहले शांत और सौम्‍य नजर आए हैं और उनकी उपस्थिति आगामी सीरीज में युवाओं का हौसला बढ़ाएगी।

IND vs SA: सुरेश रैना ने किया खुलासा, कप्‍तान केएल राहुल से युवाओं को क्‍या फायदा मिलेगा

नई दिल्‍ली: भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने कहा कि उन्‍होंने केएल राहुल को टीम में शांति लाते देखा है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में कर्नाटक के बल्‍लेबाज का नेतृत्‍व करना अच्‍छी खबर है। भारतीय कप्‍तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए आराम दिया गया है। केएल राहुल 9 जून से शुरू होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 18 सदस्‍यीय टीम की अगुवाई करेंगे।

भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर राहुल की कप्‍तानी को लेकर काफी सवाल खड़े हुए थे क्‍योंकि भारत ने उनकी कप्‍तानी में एक टेस्‍ट और तीन वनडे गवाएं थे। इसके बाद आईपीएल 2022 में राहुल ने लखनऊ सुपरजायंट्स की अगुवाई करके खुद को साबित किया। राहुल ने बल्‍ले से शानदार प्रदर्शन करके 600 से ज्‍यादा रन बनाए। बड़ी बात यह रही कि उन्‍होंने लखनऊ सुपरजायंट्स में युवाओं का नेतृत्‍व किया और टीम को पहले ही सीजन में प्‍लेऑफ तक पहुंचाया।

सुरेश रैना ने स्‍टार स्‍पोर्ट्स से बातचीत में कहा, 'पिछले कुछ समय में केएल राहुल बतौर कप्‍तान काफी शांत और सौम्‍य नजर आएं हैं और जिन खिलाड़‍ियों का चयन हुआ है, उन्‍हें केएल राहुल जैसे लीडर की जरूरत है। वहां कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल दोनों हैं। दोनों साथ खेलेंगे। वहां नए तेज गेंदबाज हैं। उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह। ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक हैं, जिन्‍होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया। मेरा मानना है कि राहुल टीम में शांति लेकर आएंगे और दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी भी अच्‍छे हैं तो मुकाबले रोमांचक होंगे।'

ऋषभ पंत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का उप-कप्‍तान बनाया गया है। सभी की नजरें युवा विकेटकीपर बल्‍लेबाज पर भी होंगी। ध्‍यान दिला दें कि राहुल और पंत सिर्फ दो ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो इंग्‍लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्‍ट व दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का हिस्‍सा हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!