62 गेंदों में जड़ दिया आईपीएल 2020 का पहला शतक, केएल राहुल ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2020, 09:28 PM IST

KL Rahul century: किंग्स इलेवन पंजाब के धाकड़ ओपनर व कप्तान लोकेश राहुल ने आईपीएल 2020 का पहला शतक जड़ते हुए अपने करियर की सबसे बड़ी पारी खेल डाली है।

62 गेंदों में जड़ दिया आईपीएल 2020 का पहला शतक, केएल राहुल ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी
Photo Credit: Twitter

KL Rahul century: लोकेश राहुल पिछले कुछ सालों में टी20 क्रिकेट के सबसे बेहतरीन भारतीय बल्लेबाज हैं। ऐसे में उनसे उम्मीदें जाहिर थीं। इस बल्लेबाज ने भी किसी को निराश नहीं किया और आईपीएल 2020 का पहला शतक जड़ डाला। गुरुवार को खेले गए मैच में दुबई के स्टेडियम पर केएल राहुल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ जोरदार शतक जड़ा और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

केएल राहुल की टीम किंग्स इलेवन पंजाब गुरुवार को विराट के चैलेंजर्स के सामने पहले बैटिंग करने उतरी थी। राहुल ने शुरुआत से ही बेहतरीन धुआंधार बल्लेबाजी की और कप्तानी पारी खेल डाली। उन्होंने पहले 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर देखते-देखते राहुल ने 62 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक व इस आईपीएल का पहला शतक जड़ डाला।

चौके-छक्कों की बौछार

लोकेश राहुल ने मैच में 69 गेंदों पर नाबाद 132 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी में 14 चौके और 7 छक्के शामिल हैं। उन्होंने 191.30 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की। ये लोकेश राहुल के आईपीएल करियर की सबसे बड़ी पारी खेल डाली।

किसी भी कप्तान की सबसे बड़ी पारी

इसके साथ ही राहुल आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने इस मैच में नाबाद 132 रनों की पारी खेली जो आईपीएल इतिहास में किसी भी कप्तान की सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर के नाम दर्ज था।

दो हजारी भी बने

इस मैच में अर्धशतक जड़ने से पहले ही लोकेश राहुल ने दो हजार का आंकड़ा भी पार कर लिया। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की है। राहुल ने 60 पारियों में 2000 आईपीएल रन पूरे किए हैं। ये किसी भी भारतीय द्वारा सबसे तेज 2000 आईपीएल रन तक पहुंचने का रिकॉर्ड है। अब राहुल अपने आईपीएल करियर में 69 मैचों में 2130 रन बना चुके हैं। जिसमें 16 अर्धशतक और 2 शतक शामिल हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!