पूर्व दिग्गज जोंटी रोड्स ने सचिन तेंदुलकर के पैर छूने का प्रयास किया, वीडियो में देखिए क्या हुआ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 15, 2022, 07:04 AM IST

When Jonty Rhodes tried to touch feet of Sachin Tendulkar: भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के फैंस पूरी दुनिया में मौजूद हैं और इसकी गिनती तमाम दिग्गज खिलाड़ियों के बीच भी होती है। दक्षिण अफ्रीका के महान पूर्व खिलाड़ी जोंटी रोड्स ने भी इसकी एक झलक दिखाई।

पूर्व दिग्गज जोंटी रोड्स ने सचिन तेंदुलकर के पैर छूने का प्रयास किया, वीडियो में देखिए क्या हुआ
Photo Credit: Twitter

क्रिकेट जगत में कोई आता रहे, जाता रहे, लेकिन एक नाम ऐसा है जिसका जलवा और रुतबा कभी खत्म नहीं होने वाला। महान खिलाड़ियों के बीच भी उनकी महानता सबसे अलग नजर आती है। जी हां, हम बात कर रहे हैं भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की। आगामी 24 अप्रैल को सचिन तेंदुलकर 49 साल के हो जाएंगे लेकिन अब भी वो मैदान पर किसी युवा क्रिकेटर की तरह नजर आते रहते हैं और उनको लेकर फैंस में दीवानगी भी थमी नहीं है। इन दीवानों में सिर्फ आम क्रिकेट फैंस नहीं बल्कि कई दिग्गज भी हैं। चर्चा में ताजा नाम जोंटी रोड्स का है।

सचिन तेंदुलकर अगर बल्लेबाजी के बादशाह थे तो फील्डिंग में पूर्व दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज जोंटी रोड्स के मुकाबले आज तक कोई नजर नहीं आया। आईपीएल में कई सालों तक दोनों ने साथ-साथ मुंबई इंडियंस के साथ काम किया, लेकिन अब जोंटी रोड्स मुंबई इंडियंस नहीं बल्कि पंजाब किंग्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं, जबकि सचिन आज भी मुंबई के साथ जुड़े हुए हैं। पिछले मैच में जब पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को मात दी तो उसके बाद ये दो दिग्गज भी आमने-सामने आए और फिर जो हुआ वो काफी दिलचस्प था।

सचिन को सामने देखकर जोंटी रोड्स तुरंत नीचे झुक गए और उनके पैर छूने लगे। सचिन ने भी फुर्ती से जोंटी को ऐसा करने से रोका और ऊपर खींचते हुए उनको गले से लगा लिया। एक की दीवानगी का रंग दिलचस्प था, तो दूसरे की महानता की झलक यहां भी नजर आ गई। दोनों के करोड़ों फैंस हैं इसलिए सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल होना शुरू हुआ और अब ना जाने कितने लोगों तक पहुंच चुका है। आप भी देखिए..

वैसे सचिन तेंदुलकर के पैर छूने की कोशिश का ये पहला मामला नहीं है। कभी कोई फैन मैदान की दीवार फांदकर उनके अंतिम रणजी मैच में पैर छूने मैदान पर आया तो कभी देश-विदेश में अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान भी ऐसा ही नजारा दिखाई दिया। इसके अलावा एक मौका ऐसा भी आया था जब महान पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह भी मैदान पर सचिन के पैर छूने की कोशिश करते दिखे, लेकिन सचिन ने उनको भी उसी तरह सम्मान दिया जैसा कि जोंटी रोड्स को दिया।

फिलहाल जिस टीम के साथ सचिन तेंदुलकर शुरुआत से जुड़े हुए हैं, वो टीम काफी मुश्किल में है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 के अपने शुरुआती सभी पांच मैच गंवा दिए हैं और आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम इस समय अंक तालिका में अंतिम स्थान पर है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!