धोनी ने छोड़ी सीएसके की कप्तानी, इस खिलाड़ी के हाथ आई कमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 24, 2022, 03:50 PM IST

MS Dhoni Stepdown as CSK Captain: एमएस धोनी ने आईपीएल 2022 के आगाज से पहले सबको चौंकाते हुए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। 

धोनी ने छोड़ी सीएसके की कप्तानी, इस खिलाड़ी के हाथ आई कमान

सूरत: आईपीएल के नए सीजन के आगाज से 2 दिन पहले चेन्नई को चार बार खिताब दिलाने वाले एमएस धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। रवींद्र जडेजा टीम के नए कप्तान होंगे वो 26 मार्च से शुरु हो रहे आईपीएल के 15वें सीजन में टीम की कमान संभालेंगे। धोनी ने साल 2008 से 2021 तक चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की है। 

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया और केवल एक बार प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रिकॉर्ड 9 बार फाइनल में पहुंची और चार बार खिताब अपने नाम करने में सफल हुई। साल 2021 में धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता था। धोनी आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। उनसे ज्यादा खिताब रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान जीते हैं।
 



चेन्नई की कमान संभालने वाले तीसरे खिलाड़ी होंगे जडेजा 

रवींद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालने वाले तीसरे खिलाड़ी होंगे। धोनी के अलावा चिन्ना थाला के नाम से जाने जाने वाले सुरेश रैना ने टीम की कमान संभाली है। धोनी बतौर खिलाड़ी पंद्रहवें सीजन में चेन्नई के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सीएसके ने जारी किया बयान
सीएसके ने धोनी के कप्तानी छोड़ने संबंधी बयान जारी करते हुए कहा, 'महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी किसी अन्य खिलाड़ी को सौंपने का फैसला किया है और उन्होंने टीम का नेतृत्व करने के लिए रविंद्र जडेजा को चुना है। जडेजा 2012 से चेन्नई सुपर किंग्स का अभिन्न अंग रहे हैं और वह सीएसके का नेतृत्व करने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी होंगे। धोनी इस सत्र में और उसके बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।'

204 मैच में धोनी ने की सीएसके की कप्तानी
एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने आईपीएल में 204 मैच खेले। इस दौरान टीम को 121 मैच में जीत मिली जबकि 82 मैच में हार का सामना करना पड़ा। चार आईपीएल खिताब के अलावा धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई को दो बार चैंपियंस लीग का खिताब भी दिलाया।

धोनी ने फैन्स को फिर अपने फैसले से चौंकाया
महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर फैन्स को अपने अप्रत्याशित फैसले से चौंकाया है। बुधवार को धोनी ने बतौर कप्तान सीएसके की नए सीजन की जर्सी का अनावरण किया था। उस वक्त भी किसी ने यह नहीं सोचा था कि धोनी एक दिन बाद कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर देंगे। 









End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!