IPL 2021, CSK vs PBKS Playing 11: जानिए, आज चेन्नई-पंजाब मुकाबले में क्या हो सकती है प्लेइंग-11

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 7, 2021, 02:53 PM IST

IPL 2021, CSK vs PBKS Playing 11 prediction: आईपीएल 2021 में आज पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की भिड़ंत होगी। जानें, दोनों की संभावित प्लेइंग इलेवन।

IPL 2021, CSK vs PBKS Playing 11: जानिए, आज चेन्नई-पंजाब मुकाबले में क्या हो सकती है प्लेइंग-11

Playing 11 for Today Match: आईपीएल 2021 में गुरुवार को 53वां मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) का आमना-सामना होगा। दोनों टीमें दोपहर 3.30 बजे से दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ेंगी। मौजूदा सीजन में दोनों टीमों का यह 14वां और आखिरी लीग मैच है। एमएस धोनी की कप्तानी सीएसके प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी। फिलहाल वो अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स के बाद दूसरे पायदान पर है। वहीं केएल राहुल की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम अंतिम चार की रेस से सामान्य तौर पर बाहर हो गई है लेकिन वो चेन्नई के खिलाफ इसके लिए करिश्मे की उम्मीद कर रही है। चेन्नई ने जहां अबतक खेले 13 मैच में 9 में जीत और 4 में हार के साथ 18 अंक बटोरे हैं और वो सबसे बेहतर +0.739 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है जहां से उसे नीचे हटा पाना नामुमकिन है। 

वहीं पंजाब किंग्स की टीम ने अबतक खेले 13 मुकाबलों में 5 में जीत और 8 में हार का सामना किया है। उसके कुल 10 अंक हैं और नेट रन रेट -0.241 है। अंक तालिका में वो छठे पायदान पर है। अगर वो गुरुवार को चेन्नई के हराने में कामयाब हो भी जाती है तो भी उसका नेट रन रेट चौथे और पाचवें पायदान पर काबिज कोलकाता(+0.294) और मुंबई इंडियन्स(-0.048) के नेट रन रेट से बेहतर नहीं हो पाएगा। कोई अनहोनी या करिश्मा ही पंजाब को अब प्लेऑफ तक पहुंचा सकता है। 

जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स को अपने पिछले दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में प्लेऑफ दौर के आगाज से पहले धोनी के धुरंधर जीत की लय वापस हासिल करने इरादे से मैदान में उतरेंगे। ऐसे में धोनी अपने पूरे दल बल के साथ मैदान में उतरेंगे क्योंकि जीत हमेशा आत्मविश्वास देती है। संभवत: पहले क्वालीफायर में चेन्नई की भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स से हो सकती है जिसके खिलाफ लीग दौर में दोनों बार चेन्नई को हार का मुंह देखना पड़ा है। लीग दौर में सुरेश रैना और धोनी दोनों के बल्ले खामोश रहे हैं दोनों की बल्लेबाजी टीम के लिए परेशानी का सबब बन सकती है ऐसे में कोशिश होगी कि दोनों ही बल्लेबाज पंजाब के खिलाफ प्लेऑफ से पहले बल्ले पर लगी जंग छुटाएं। मुश्किल ही है कि धोनी दिल्ली के खिलाफ मैच में जो टीम मैदान में उतारी थी उसमें कोई बदलाव करें। इस मैच में धोनी रॉबिन उथ्प्पा को आजमाने का दांव भी चल सकते हैं। इसके लिए रैना को एकादश से बाहर बैठना होगा और ये निर्णय थोड़ा सा मुश्किल लगता है।  

पंजाब कर सकती है अपनी एकादश में बदलाव

पंजाब किंग्स की टीम को इस मैच में बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी तभी कोई करिश्मा उनके लिए प्लेऑफ के दरवाजे खोलेगा। आरसीबी के खिलाफ पंजाब ने सरफराज खान को मौका दिया था लेकिन वो एक गेंद पर खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में उन्हें आखिरी मौका दिया जा सकता है। ऐसे भी दीपक हुड्डा कोई बड़ा कमाल तो अबतक दिखा नहीं पाए हैं। हरप्रीत बरार की जगह एक बार क्रिस जॉर्डन को मैच में आजमाया जा सकता है। 

चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित प्लेइंग-11: 

रुतुराज गायकवाड़, फॉफ डुप्लेसी, मोईन अली, अंबाती रायुडू, रॉबिन उथप्पा / सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जोश हेजलवुड। 





पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग-11:

केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), मयंक अग्रवाल, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, सरफराज खान, शाहरुख खान, मोइसेस हेनरिक्स, क्रिस जॉर्डन, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी , अर्शदीप सिंह

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!