Advanced English Learning: अंग्रेजी भाषा में बातचीत को अधिक रोचक, प्रभावी और प्रभावकारी बनाने के लिए मुहावरों (Idioms) का उपयोग बहुत किया जाने लगा है। आपने अंग्रेजी के कई ऐसे मुहावरा सुनें होंगे, जिनका शाब्दिक अर्थ उनके व्यावहारिक अर्थ से एकदम अलग होता है। इन इडियम को सुतने ही हम सबसे पहले उनके शाब्दिक अर्थ पर जाते हैं और उलझन में पड़ जाते हैं। ऐसा ही एक प्रसिद्ध और दिलचस्प इंग्लिश इडियम है— 'Egg on My Face' (या To have egg on one's face)।
यह इडियम सुनते ही आपने अपने चेहरे पर अंडे टूटे हुए जरूर इमेजिन किया होगा। हो भी क्यों न, इसका शब्द-दर-शब्द अनुवाद किया जाए, तो इसका अर्थ होता है "चेहरे पर अंडा होना"। लेकिन व्यावहारिक भाषा में इसका वास्तविक अर्थ बिल्कुल अलग होता है। आज एडवांस्ड इंग्लिश सीखने की इस सीरीज में हम इसी मुहावरे के अर्थ, इतिहास और दैनिक बातचीत में इसका इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है आदि के बारे में जानेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंग्लिश में 'Monkey Brain' का क्या अर्थ है? जानें मनोविज्ञान में इसका इस्तेमाल और इसके लक्षण
'Egg on My Face' का वास्तविक अर्थ क्या है?
अंग्रेजी में 'Egg on My Face' मुहावरे का अर्थ होता है, किसी बेवकूफी भरी गलती या असफलता के कारण सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा होना, लज्जित महसूस करना या हास्यास्पद स्थिति में पड़ जाना (Embarrassing Moment)। उदाहरण के तौर पर समझे तो जब कोई व्यक्ति पूरे विश्वास के साथ कोई दावा करता है या कोई काम करता है और बाद में वह पूरी तरह गलत साबित हो जाता है, तो उस स्थिति को दर्शाने के लिए इस इडियम का उपयोग किया जाता है। हिंदी के मुहावरे के साथ इसे जोड़े तो इसका अर्थ आसान भाषा में "चेहरे पर कालिख पोतना", "अपनी ही बात पर शर्मिंदा होना" या "जग-हंसाई होना"।
इस मुहावरे की उत्पत्ति
हमने यह तो जान लिया की इस मुहावरे का अर्थ क्या है, लेकिन इस मुहावरे की उत्पत्ति कैसे हुई? हालांकि इस मुहावरे की सटीक उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग राय हैं, लेकिन सबसे प्रचलित धारणा रंगमंच और नाटकों से जुड़ी है।
पुराने समय में, विशेष रूप से 19वीं सदी में, जब थिएटर में किसी नाटककार या अभिनेता का प्रदर्शन दर्शकों को बिल्कुल पसंद नहीं आता था, तो गुस्साए दर्शक उन पर सड़े हुए फल और अंडे फेंकते थे। यदि किसी अभिनेता के चेहरे पर अंडा गिरता था, तो यह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण था कि उसका प्रदर्शन बहुत खराब रहा है और वह पूरी सभा के सामने शर्मिंदा हो चुका है। समय के साथ, यह दृश्य एक मुहावरे के रूप में बदल गया और किसी भी शर्मनाक स्थिति या गलती के लिए प्रयोग किया जाने लगा।
दैनिक जीवन में कैसे करें इसका इस्तेमाल?
इस मुहावरे का उपयोग आमतौर पर अनौपचारिक यानी इंफॉर्मल बातचीत, समाचारों, कहानियों या फीचर आर्टिकल्स में किया जाता है। नीचे दिए गए उदाहरणों से के माध्यम से आप इसके इस्तेमाल के बारे में बेहतर तरीके से समझ पाएंगे।
I claimed I could fix the computer easily, but when I made it worse, I ended up with egg on my face. (मैंने दावा किया था कि मैं कंप्यूटर आसानी से ठीक कर सकता हूँ, लेकिन जब मैंने उसे और खराब कर दिया, तो मुझे शर्मिंदगी झेलनी पड़ी।)
The company predicted huge profits this year, but after the big loss, they have egg on their face. (कंपनी ने इस साल भारी मुनाफे की भविष्यवाणी की थी, लेकिन बड़े नुकसान के बाद अब उनकी जग-हंसाई हो रही है।)
Don't make promises you can't keep, or you'll end up with egg on your face. (ऐसे वादे मत करो जिन्हें तुम पूरा न कर सको, वरना तुम्हें बाद में शर्मिंदा होना पड़ेगा।)
I boasted that I could easily defeat him in chess, but after losing in just five moves, I ended up with egg on my face. (मैंने डींग हांकी थी कि मैं उसे शतरंज में आसानी से हरा दूंगा, लेकिन सिर्फ पांच चालों में हारने के बाद मेरी भरे जग-हंसाई हुई।)
The weather forecaster predicted a clear sunny day, so when it started pouring rain, he had egg on his face. (मौसम विभाग ने साफ और धूप वाले दिन की भविष्यवाणी की थी, इसलिए जब मूसलाधार बारिश शुरू हुई, तो उन्हें काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी।)
She insisted that the meeting was at 10 AM, but when everyone arrived and found the room empty, she had egg on her face. (वह जोर देकर कह रही थी कि बैठक सुबह 10 बजे है, लेकिन जब सब पहुंचे और कमरा खाली मिला, तो उसे बहुत शर्मिंदगी हुई।)
I corrected my teacher's grammar in front of the whole class, but I was wrong, leaving me with egg on my face. (मैंने पूरी क्लास के सामने अपने टीचर की व्याकरण सुधारी, लेकिन मैं खुद गलत निकला और मुझे सबके सामने शर्मिंदा होना पड़ा।)
Don't make promises you can't keep, or you will end up with egg on your face. (ऐसे वादे मत करो जिन्हें तुम पूरा न कर सको, वरना बाद में तुम्हें ही शर्मिंदगी उठानी पड़ेगी।)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में 'What are Your Salary Expectations?' सवाल का जवाब कैसे दें? सही अप्रोच से तय होगी आपकी सही वैल्यू
बातचीत को प्रभावी बनाने के क्विक टिप्स
'Egg on my face' का प्रयोग किसी गंभीर अपराध या शोक की स्थिति में नहीं किया जाता। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से ऐसी गलतियों के लिए होता है जो हास्यास्पद या शर्मनाक हों। इसके साथ ही आपको बता दें कि आप had egg on his face या will have egg on their face के रूप में भी प्रयोग कर सकते हैं।
