IPL 2020: कोरोना से उबरकर चेन्नई सुपर किंग्स के दल में लौटे दीपक चाहर, टीम ने ऐसे किया स्वागत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 10, 2020, 08:05 AM IST

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर की कोरोना संक्रमण से उबरकर वापसी हो गई है। टीम ने इस तरह किया उनका स्वागत।

IPL 2020: कोरोना से उबरकर चेन्नई सुपर किंग्स के दल में लौटे दीपक चाहर, टीम ने ऐसे किया स्वागत
Photo Credit: Twitter

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज दीपक चाहर का बुधवार को कोरोना वायरस टेस्ट दूसरी बार नेगेटिव आया जिससे वह टीम होटल में लौट आये हैं। यूएई में आयोजित हो रही इंडियन प्रीमियर लीग में भाग लेने के लिए टीमों के दुबई पहुंचने के बाद दीपक चाहर और ऋतुराज गायकवाड़ सहित दल के कुल 13 सदस्य कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाये गए थे।

इतनी बड़ी संख्या में तीन बार की चैंपियन सीएसके के दल के लोगों का कोरोना संक्रमित पाया जाना टीम के लिए एक बड़ा झटका था। जैव सुरक्षित वातावरण में प्रवेश करने से ठीक पहले सीएसके कैंप में कोरोना के दस्तक देने के बाद आनन-फानन में पॉजिटव पाए गए लोगों को आइसोलेशन में भेजा गया और टीम के सभी खिलाड़ियों का क्वारंटीन पीरियड को 7 दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। 21 अगस्त को दुबई पहुंचने के बाद सीएसके की टीम 3 सितंबर को पहली बार मैदान पर अभ्यास के लिए उतर सकी थी। 

कार्डियो टेस्ट के बाद शरू कर सकेंगे अभ्यास
ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ केएस विश्वनाथन ने कहा, 'दीपक चाहर के दो कोरोना टेस्ट नेगेटिव आये हैं और वह टीम बबल में लौट आया है। बीसीसीआई के प्रोटोकॉल के तहत अब उनका कार्डियो टेस्ट होगा जो उनकी रिकवरी के बारे में बतायेगा। उसके बाद एक और कोविड टेस्ट होगा जिसमें नेगेटिव आने पर वह अभ्यास शुरू कर सकेंगे।' दीपक चाहर टीम के अन्य खिलाड़ियों से अलग दूसरे होटल में 14 दिन के लिए पृथकवास पर थे। 


दीपक चाहर की वापसी पर टीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर चाहर की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, दीपक चाहर सीटी बजाओ( व्हिसिल पोडू)। इस तस्वीर में चाहर मैदान पर वापसी करके खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी अभ्यास शुरू नहीं किया है। 

नेट्स पर लौटने के लिए लगेंगे कम से कम चार दिन 
जब सीएसके के सीईओ विश्वनाथन से यह पूछा गया कि चाहर अभ्यास कब शुरू करेंगे तो इसके जवाब में उन्होंने कहा यह उनकी रिकवरी पर निर्भर करता है। मै कोई नियत समय इसके बारे में नहीं बता सकता। लेकिन अभ्यास के लिए नेट्स पर आने के लिए उन्हें कम से कम चार दिन और लगेंगे लेकिन यह सुनिश्चित नहीं है। 


एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक चाहर के अलाना संक्रमित पाए गए ऋतुराज गायकवाड़ की भी कोरोना से उबर गए हैं लेकिन उनकी दूसरी कोरोना रिपोर्ट अभी नहीं आई है। प्रोटोकॉल के मुताबिक उसके निगेटिव आने के बाद ही वो टीम बबल में जुड़ पाएंगे।   

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!