Jio का IPO आने का निवेशक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ग्रे मार्केट में आईपीओ का GMP तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, इस बीच यह खबर आपको चौंका सकती है कि आईपीओ आने से पहले ही अमेरिकी कंपनी Google-Facebook ने करोड़ों की कमाई कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार IPO प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर के आधार पर, 2020 में जियो प्लेटफॉर्म्स में किए गए निवेश से मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक. और गूगल को लगभग 1.77 लाख करोड़ रुपये का संभावित (पेपर) मुनाफा हो सकता है।
इनमें से कोई भी कंपनी अपना एक भी शेयर नहीं बेच रही है। मेटा की 'जादू होल्डिंग्स' और 'गूगल इंटरनेशनल', जियो के प्रस्तावित ₹30,200 करोड़ के IPO में अपना कोई भी शेयर नहीं बेच रही हैं। इसके बजाय, इस इश्यू में 27 करोड़ नए शेयर शामिल होंगे। इससे इन दोनों वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों को अपनी हिस्सेदारी बनाए रखने का मौका मिलेगा, जबकि उनके निवेश का मूल्य काफी अधिक हो जाएगा।
किस कंपनी की कितनी हिस्सेदारी?
भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66% से अधिक हिस्सेदारी है। इसके बाद मेटा प्लेटफॉर्म्स की सहयोगी कंपनी 'जादू होल्डिंग्स' (Jaadhu Holdings) की लगभग 9.98% (₹43,574 करोड़) और Google ने 7.73% हिस्सेदारी (₹33,737 करोड़) खरीदी थी। दोनों को ₹488.34 प्रति शेयर के भाव पर शेयर आवंटित हुए थे।
कैसे होगी ₹1.77 लाख करोड़ की कमाई
रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल कंपनी Jio Platforms के IPO से अमेरिकी टेक दिग्गज Meta (Facebook की पैरेंट कंपनी) और Google को बड़ा फायदा होने की संभावना है। दोनों कंपनियों ने 2020 में Jio में निवेश किया था। अब IPO के प्रस्तावित ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर उनकी हिस्सेदारी की कीमत करीब ₹1.77 लाख करोड़ हो सकती है, जबकि अनुमानित संयुक्त निवेश लागत लगभग ₹77,310 करोड़ थी। यानी दोनों को मिलाकर करीब ₹99,841 करोड़ का अनरियलाइज्ड यानी कागजी मुनाफा हो सकता है। इस तरह कुल आय ₹1.77 लाख करोड़ होगी। हालांकि, इन दोनों कंपनी में कोई भी अपनी होल्डिंग नहीं बेच रही है।
129% का बंपर रिटर्न
Jio Platforms के IPO के संभावित ₹1,065–1,119 प्रति शेयर के प्राइस बैंड के आधार पर कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन लगभग ₹10.3 लाख करोड़ से ₹12 लाख करोड़ तक आंकी जा रही है। ₹1,119 के ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से Meta की हिस्सेदारी की कीमत करीब ₹99,845 करोड़ और Google की हिस्सेदारी की कीमत लगभग ₹77,306 करोड़ हो गई है। इस तरह, 2020 में किए गए दोनों कंपनियों के निवेश की वैल्यू में करीब 129% तक की बढ़ोतरी हुई है।
