Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जोधपुर के नौसर क्षेत्र स्थित पूनिया की ढाणी में गुरुवार दोपहर करीब 12:35 बजे एक 9 वर्षीय बच्चा भोमाराम भील खेलते-खेलते लगभग 1050 फीट गहरे खुले बोरवेल में जा गिरा। मासूम बोरवेल के भीतर करीब 640 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पिता के सामने हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मादाराम पूनिया के कृषि नलकूप पर हुआ। मासूम भोमाराम के पिता पाचाराम भील नलकूप पर ही कृषि कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका इकलौता बेटा भोमाराम दौड़ते हुए वहां पहुंचा और खुले बोरवेल में जा समाया। पिता के ठीक सामने हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
कैमरे में दिखा हाथ का मूवमेंट, ऑक्सीजन की सप्लाई जारी
बोरवेल की गहराई ज्यादा होने के कारण बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम विशेष कैमरों की मदद से बोरवेल के अंदर बच्चे की स्थिति और मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है। राहत की बात यह है कि कैमरे में बच्चे का दाया हाथ हिलता हुआ नजर आया है, जिससे परिजनों और रेस्क्यू टीम की उम्मीदें बंधी हुई हैं। बच्चे को सांस लेने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए तुरंत पाइप के जरिए बोरवेल के अंदर ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन की खुद निगरानी कर रहे हैं। SDRF की विशेष टीमें आवश्यक आधुनिक उपकरणों के साथ बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।
