IPL Auction: महान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मिला खरीदार, बना दिया खास रिकॉर्ड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 18, 2021, 08:18 PM IST

Arjun Tendulkar: टीम इंडिया के पूर्व महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन अब आईपीएल 2021 में डेब्‍यू करेंगे। अर्जुन तेंदुलकर की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी।

IPL Auction: महान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मिला खरीदार, बना दिया खास रिकॉर्ड

चेन्‍नई: टीम इंडिया के महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर आगामी आईपीएल में खेलते हुए नजर आएंगे। 21 साल के अर्जुन तेंदुलकर को गुरुवार को चेन्‍नई में हुई आईपीएल 2021 नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख में खरीदा। बता दें कि अर्जुन तेंदुलकर की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी। अर्जुन तेंदुलकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हैं।

पिता सचिन तेंदुलकर के बाद आईपीएल में नीलाम होने वाले अर्जुन पहले पुत्र बने। मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को अपनी टीम में शामिल किया और इसी के साथ उन्‍होंने एक खास रिकॉर्ड बना दिया है। पिता-पुत्र की जोड़ी आईपीएल में एक टीम के लिए खेलने वाली बनी।

अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में पुलिस शील्‍ड टूर्नामेंट में नाबाद 77 रन की पारी खेली थी और 41 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। हालांकि, अर्जुन तेंदुलकर 20 फरवरी से शुरू होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम में जगह नहीं बना सके हैं। बहरहाल, हाल ही में संपन्न सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई की सीनियर टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने हरियाणा के खिलाफ डेब्यू किया था। इसके अलावा उन्होंने पुदुचेरी के खिलाफ भी एक मैच खेला था। दो मैच में उन्होंने 2 विकेट हासिल किए थे।

इससे पहले अर्जुन तेंदुलकर ने श्रीलंका दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्‍व किया था। वह कई बार भारतीय खिलाड़‍ियों और मुंबई इंडियंस के खिलाड़‍ियों को नेट्स पर अभ्‍यास कराते हुए नजर आए हैं।

अर्जुन तेंदुलकर को जोड़ने के 3 प्रमुख कारण

 पहला 'तेंदुलकर' के कारण देशभर में आकर्षण का केंद्र बनना तय है। अर्जुन तेंदुलकर को शामिल करने से फ्रेंचाइजी को लोकप्रियता के मामले में बढ़ावा मिल सकता है। दूसरी बात कि अर्जुन तेंदुलकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो निचलेक्रम में बल्‍लेबाजी करना भी जानते हैं। इसलिए फ्रेंचाइजी की एक युवा ऑलराउंडर की खोज पूरी हो सकती है। तीसरी बात अगर अर्जुन के साथ उनके पिता नजर आए तो स्‍टेडियम का खचाखच भरना तय है क्‍योंकि महान सचिन तेंदुलकर की फैन फॉलोइंग से लोग अच्‍छी तरह वाकिफ हैं।

अर्जुन तेंदुलकर का टी20 करियर

मैच - 2
रन - 3
विकेट - 2

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!