IND vs ENG, 2nd ODI Highlights: टॉप्ली के सामने टीम इंडिया ने टेके घुटने, इंग्लैंड ने दूसरा वनडे 100 रन से जीता
India vs England 2nd ODI Highlights: इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में बड़ी जीत हासिल की। भारत को 247 रन का टारगेट मिला था।
इंग्लैंड के विरुद्ध पहले वनडे में 10 विकेट से जीत हासिल करने वाली भारतीय टीम को दूसरे मैच में 100 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। भारत ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर 247 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज गेंदबाज रीस टॉप्ली के सामने घुटने टेक दिए। भारत की पारी 38.5 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। टॉप्ली ने महज 24 रन देकर 6 विकेट चटकाए। उनके अलावा डेविड विली, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन और ब्रायडन कार्स ने एक-एक विकेट लिया। इंग्लैंड ने इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।
शुरुआत में ही लड़खड़ा गई भारतीय पारी
भारत ने निराशाजनक आगाज किया, जिससे टीम उबर नहीं पाई। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 10 गेंद खेलने के बावजूद अपना खाता नहीं खोल पाए और तीसरे ओवर में आउट हो गए। शिखर धवन (26 गेंदों में 9) नौवें ओवर में पवेलियन लौटे। दोनों टॉप्ली का शिकार बने। ऋषभ पंत ने भी शून्य पर विकेट खोया। उन्हें कार्स ने अपने जाल में फंसाया। विराट कोहली (25 गेंदों में 16) एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 12वें ओव में विली का शिकार बन गए। भारत की खस्ता हालत का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उसके चार विकेट 31 के कुल स्कोर पर गिर गए।
सूर्यकुमार, हार्दिक, जडेजा और शमी टिके
सूर्यकुमार यादव (29 गेंदों में 27) और हार्दिक पांड्या (44 गेंदों में 29) ने पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़कर टीम को संभालने का प्रयास किया पर ज्यादा सफलता हाथ नहीं लगी। सूर्यकुमार को टॉप्ली ने 21वें ओवर में बोल्ड किया जबकि हार्दिक को 28वें ओवर में मोईन ने आउट किया। रवींद्र जडेजा (44 गेंदों में 29) और मोहम्मद शमी (28 गेंदों में 23) ने सातवें विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी की, जिसे टॉप्ली ने तोड़ा। उन्होंने 35वें ओवर में शमी को पवेलियन चलता किया। जडेजा को 36वें ओवर में लिविंगस्टोन ने बोल्ड किया। वहीं, टॉप्ली ने 39वें ओवर में युजवेंद्र चहल (3) और प्रसिद्ध कृष्णा (0) को आउट कर भारतीय पारी को समेट दिया। जसप्रीत बुमराह 2 रन बनाकर नाबाद रहे।
ऐसा रहा इंग्लैंड की पारी का हाल
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। जेसन रॉय (23) और जॉनी बेयरस्टो (38) ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। यह साझेदारी हार्दिक पांड्या ने नौवें ओवर में तोड़ी। वहीं, बेयरस्टो को 15वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने बोल्ड किया। इसके बाद चहल ने 18वें ओवर में जो रूट (11) को एलबीडब्ल्यू किया। मेजबान टीम को चौथा झटका कप्तान जोस बटलर (5) के रूप में लगा, जिन्हें शमी ने 19वें ओवर में बोल्ड किया। बेन स्टोक्स (21) को चहल ने 22वें ओवर में एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन भेजा। इंग्लैंड का छठा विकेट लियाम लिविंगस्टोन (33) के तौर पर गिरा। उन्होंने छठे विकेट के लिए मोईन अली (47) के साथ 46 रन की साझेदारी की।
अर्धशतक से चूके मोईन अली
लिविंगस्टोन को हार्दिक ने 29वें ओवर में अपना शिकार बनाया। लिविंगस्टोन के जाने के बाद मोईन ने सातवें विकेट के लिए डेविड विली (41) के संग 62 रन की पार्टनरशिप की। मोईन को 42वें ओवर में चहल ने आउट किया। विली की पारी का अंत 47वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने किया। प्रसिद्ध कृष्णा ने 48वें ओवर में ब्रायडन कार्स (2) को पगबाधा किया। इंग्लैंड की ओर से आउट होने वाले आखिरी खिलाड़ी रीस टॉप्ली (3) रहे, जिन्हें बुमराह ने 49वें ओवर में बोल्ड किया। क्रेग ओवर्टन (10*) नाबाद पवेलियन लौटे। भारत के लिए चहल ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। बुमराह और हार्दिक पांड्या दो-दो जबकि शमी और कृष्णा ने एक-एक विकेट लिया।
भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग-11
इंग्लैंड क्रिकेट टीम: जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, डेविड विली, क्रेग ओवरटन, ब्रायडन कार्स और रीस टॉप्ली।
टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा और युजवेंद्र चहल।
इंग्लैंड ने दूसरे वनडे पर किया कब्जा
इंग्लैंड ने दूसरा वनडे अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम 38.5 ओवर में ढेर हो गई। भारत की ओर से आखिरी खिलाड़ी के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा (0) आउट हुए, जिन्हें टॉप्ली ने बटल के हाथों लपकवाया। इससे पहले, टॉप्ली ने इसी ओवर की दूसरी गेंद पर युजवेंद्र चहल (3) को बोल्ड किया। जसप्रीत बुमराह (2*) नाबाद रहे।
IND vs ENG Live Score: रवींद्र जडेजा हुए बोल्ड
शमी के बाद रवींद्र जडेजा भी अपना विकेट गंवा बैठे हैं। जडेजा को लिविंगस्टोन ने 36वें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड किया। वह फ्लाइटेड यॉर्कर पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में गच्चा खा गए। उन्होंने 44 गेंदों में 29 रन बनाए। उन्होंने 1 चौका और 1 छक्का लगाया।
36 ओवर के बाद भारत का स्कोर 140/8, जसप्रीत बुमराह 0* और युजवेंद्र चहल 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी ने खेली 23 रन की पारी
टॉप्ली ने इंग्लैंड के लिए सातवां विकेट लिया है। उन्होंने 35वें ओवर की अंतिम गेंद पर मोहम्मद शमी को आउट किया। शमी लोअर फुल टॉस गेंद पर मिडऑन पर स्टोक्स के हाथों लपके गए। उन्होंने 28 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्के कम दम पर 23 रन बनाए। उन्होंने जडेजा के संग सातवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े।
35 ओवर के बाद भारत का स्कोर 140/7, रवींद्र जडेजा 29* और जसप्रीत बुमराह 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी को मिला जीवनदान
जडेजा और शमी संभलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। दोनों के बीच 35 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है।
34 ओवर के बाद भारत का स्कोर 138/6, रवींद्र जडेजा 28* और मोहम्मद शमी 22* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी को मिला जीवनदान
शमी को 32वें ओवर की अंतिम गेंद पर जीवनदान दिया। शमी ने कार्स के खिलाफ शॉट खेला लेकिन गेंदबाज ने कॉट एंड बोल्ड का मौका गंवा दिया।
32 ओवर के बाद भारत का स्कोर 131/6, रवींद्र जडेजा 25* और मोहम्मद शमी 18* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी ने लगाया सिक्स
शमी ने 29वें ओवर में चौका जड़ने के बाद मोइन द्वारा किए गए 30वें ओवर में सिक्स ठोका। उन्होंने अंतिम गेंद पर डीप एक्स्ट्रा कवर के बाहर हवाई शॉट खेला।
30 ओवर के बाद भारत का स्कोर 123/6, रवींद्र जडेजा 20* और मोहम्मद शमी 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: हार्दिक पांड्या लौटे पवेलियन
भारत को छठा झटका हार्दिक पांड्या के तौर पर लगा है। हार्दिक ने 44 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 29 रन की पारी खेली। उनकी पारी का अंत मोईन अली ने 28वें ओवर की पहली गेंद पर किया। जडेजा छोटी गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में थे और डीप स्क्वेयर लेग पर लिविंगस्टोन को कैच थमा बैठे।
28 ओवर के बाद भारत का स्कोर 105/6, रवींद्र जडेजा 15* और मोहम्मद शमी 4* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: भारत ने बनाया सैकड़ा
भारत ने सैकड़ा पूरा कर लिया है। मेहमान टीम ने 159 गेंदों में 100 रन जोड़े। टीम को इस दौरान 5 एक्स्ट्रा रन मिले। ओवर्टन ने 27वें ओवर में 2 रन दिए।
27 ओवर के बाद भारत का स्कोर 101/5, हार्दिक पांड्या 29* और रवींद्र जडेजा 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: जडेजा ने ठोका शानदार सिक्स
जडेजा ने 26वें ओवर की चौथी गेंद पर शानदार सिक्स जमाया। उन्होंने मोईन द्वारा फेंकी गई छोटी गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से हवाई फायर किया।
26 ओवर के बाद भारत का स्कोर 99/5, हार्दिक पांड्या 28* और रवींद्र जडेजा 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: जडेजा को मिला अनचाहा चौका
ओवर्टन ने 25वें ओवर में 7 रन दिए। इस दौरान जडेजा को एक अनचाहा चौका मिला। दरअसल, जडेजा बाउंसर गेंद को छोड़ने की फिराक में थे पर गेंद हेल्मेट और बल्ले से लगने के बाद कीपर के ऊपर से बाउंड्री के पार चली गई।
25 ओवर के बाद भारत का स्कोर 91/5, हार्दिक पांड्या 27* और रवींद्र जडेजा 7* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: हार्दिक पांड्या ने लगाया चौका
कप्तान बटलर ने 24वें ओवर में स्पिनर मोईन अली को गेंद थमाई, जिसमें 7 रन आए। हार्दिक ने चौथी गेंद पर चौका लगाया। इसके अलावा हार्दिक ने 2 रन और बनाए।
24 ओवर के बाद भारत का स्कोर 84/5, हार्दिक पांड्या 25* और रवींद्र जडेजा 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: रनों की रफ्तार और सुस्त
भारतीय टीम की रनों की रफ्तार सुस्त होती जा रही है। 22वें और 23वें ओवर में टीम को एक-एक रन ही मिला। यह रन हार्दिक ने बनाए।
23 ओवर के बाद भारत का स्कोर 77/5, हार्दिक पांड्या 19* और रवींद्र जडेजा 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: 20 ओवर का खेल पूरा
भारत को पांचवां झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में गिरा है। सूर्यकुमार को टॉप्ली ने 21वें ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड किया। गेंद अंदरूनी किनारा लेने के विकेटों में घुस गई। उन्होंने 29 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 27 रन की पारी खेली। उन्होंने हार्दिक के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।
21 ओवर के बाद भारत का स्कोर 75/5, हार्दिक पांड्या 17* और रवींद्र जडेजा 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: 20 ओवर का खेल पूरा
भारतीय टीम का फिलहाल संघर्ष जारी है। 20वें ओवर में ओवर्टन ने 3 रन दिए। सूर्यकुमार ने दो और हार्दिक ने एक रन बनाया।
20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 73/4, सूर्यकुमार यादव 27* और हार्दिक पांड्या 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: सूर्यकमार ने मारा सिक्स
19वां ओवर कार्स ने डाला, जिसमें 10 रन आए। सूर्यकुमार ने छोटी गेंद पर शानदार पुल किया और डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग की दिशा में छक्का मारा। इसके अलावा उन्होंने 3 रन और जुटाए।
19 ओवर के बाद भारत का स्कोर 70/4, सूर्यकुमार यादव 25* और हार्दिक पांड्या 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: सूर्यकुमार-हार्दिक टिके
सूर्यकुमार और हार्दिक टिककर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत ने 17वें ओवर में 2 और 18वें ओवर में एक रन बनाया।
18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 60/4, सूर्यकुमार यादव 16* और हार्दिक पांड्या 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: ओवर्टन को सौंपी गई गेंद
कप्तान बटलर ने 16वें ओवर में क्रेग ओवर्टन को गेंद सौंपी। उन्होंने केवल 3 रन खर्च किए। सूर्यकुमार यादव ने दूसरी और अंतिम गेंद पर एक-एक रन बनाया। वहीं, हार्दिक ने पांचवीं गेंद पर एक रन लिया।
16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 57/4, सूर्यकुमार यादव 15* और हार्दिक पांड्या 12* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: टीम इंडिया का पचासा कंप्लीट
भारत ने अपना पचासा पूरा कर लिया है। कार्स ने 15वें ओवर में आठ रन दिए। हार्दिक ने एक चौके समेत 6 रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार ने दो रन जुटाए।
15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 54/4, सूर्यकुमार यादव 13* और हार्दिक पांड्या 11* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: विली ने अच्छा ओवर निकाला
सूर्यकुमार और हार्दिक संभलकर भारतीय पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। दोनों हवाई फायर का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। 14वें ओवर में सूर्यकुमार ने तीन और हार्दिक ने एक रन जुटाया। यह ओवर विली ने फेंका।
14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 46/4, सूर्यकुमार यादव 11* और हार्दिक पांड्या 5* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कार्स ने खर्च किए 4 रन
कार्स ने 13वें ओवर में 4 रन खर्च किए। हार्दिक ने पांचवीं गेंद पर दौड़कर 3 रन जुटाए जबकि सूर्यकुमार ने अंतिम गेंद पर एक रन लिया।
13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 42/4, सूर्यकुमार यादव 8* और हार्दिक पांड्या 4* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: ऋषभ पंत शून्य पर आउट
भारत ने तीसरा विकेट भी खो दिया है। ऋषभ पंत 5 गेंदें खेलने के बाद शून्य पर आउट हो गए। उन्हें ब्रायडन कार्स ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई पंत फुल टॉस गेंद पर फ्लिक करना चाहते थे मगर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी सॉल्ट के हाथों लपके गए।
11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 31/3, विराट कोहली 16* और सूर्यकुमार यादव 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: नहीं चला धवन का बल्ला
पहला पावर प्ले खत्म हो गया है, जो भारत के नजरिए से अच्छा नहीं रहा। इंग्लैंड के लिए 10वां ओवर विली ने किया और महज 1 रन दिया। यह रन कोहली ने तीसरी गेंद पर लिया।
10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 28/2, विराट कोहली 14* और ऋषभ पंत 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: नहीं चला धवन का बल्ला
भारत को दूसरा झटका ओपनर शिखर धवन के तौर पर लगा है। धवन को टॉप्ली ने नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह लेग स्टंप पर आई गुड लेंथ से छेड़छाड़ करने के चक्कर में विकेट के पीछे बटल को कैच थमा बैठे। गेंल ग्लव्स पर लगकर कीपर के पास गई। धवन ने 26 गेंदों में एक चौके के जरिए 9 रन बनाए।
9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 27/2, विराट कोहली 13* और ऋषभ पंत 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कोहली फिर सस्ते में आउट
विली ने भारत को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली को अपने जाल में फंसा लिया। कोहली ऑफ स्टंप पर आई गेंद पर डिफेंस करना चाहते थे मगर गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर बटलर के दस्तानों में चली गई। उन्होंने 25 गेंदों का सामना करने के बाद 3 चौकों की बदौलत 16 रन बनाए।
12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 38/4, सूर्यकुमार यादव 7* और हार्दिक पांड्या 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कोहली ने खोले अपने हाथ
विली ने आठवें ओवर में 3 रन दिए। कोहली ने तीसरी और छठी गेंद जबकि कोहली ने चौथी गेंद पर एक रन लिया।
8 ओवर के बाद भारत का स्कोर 23/1, शिखर धवन 5* और विराट कोहली 13* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: कोहली ने खोले अपने हाथ
कोहली ने सातवां ओवर करने आए टॉप्ली के खिलाफ अपने हाथ खोले और लगातार दो चौके जड़े। उन्होंने पहली गेंद पर बेहतरीन ऑन ड्राइव लगाया और दूसरी गेंद पर एक्स्ट्रा कवर की दिशा में खूबसूरत ड्राइव खेला।
7 ओवर के बाद भारत का स्कोर 20/1, शिखर धवन 3* और विराट कोहली 12* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: धवन-कोहली ने खोला खाता
विली ने छठे ओवर में किफायती गेंदबाजी की, जिसमें सिर्फ 2 रन खर्च किए। धवन ने पांचवीं गेंद पर डबल लिया।
6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 12/1, शिखर धवन 3* और विराट कोहली 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: धवन-कोहली ने खोला खाता
आखिरकार शिवन धवन का खाता खुल गया है। उन्होंने टॉप्ली द्वारा डालए गए पांचवीं ओवर की तीसरी गेंद पर दौड़कर एक रन बनाया। धवन ने पारी की 10वीं गेंद पर एक रन लिया। वहीं, कोहली ने पांचवीं गेंद पर चौका मारा।
5 ओवर के बाद भारत का स्कोर 10/1, शिखर धवन 1* और विराट कोहली 4* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कोहली को मेडन ओवर
डेविड विली ने एक और मेडन ओवर फेंका है। उन्होंने चौथे ओवर में कोहली को कोई रन नहीं बनाने दिया। कोहली ने कई शॉट ट्राई किया पर कोई फायदा नहीं हुआ।
4 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5/1, शिखर धवन 0* और विराट कोहली 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: रोहित का नहीं खुला खाता
भारत ने खराब शुरुआत की है। रोहित शर्मा 10 गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें टॉप्ली ने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। टॉप्ली की अपील के बाद अंपयर ने उंगली उठा दी लेकिन रोहित ने रिव्यू ले लिया। रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद बल्ले से नहीं पैड पर लगी, जिसके चलते भारत ने रिव्यू गंवा दिया। टॉप्ली ने ओवर में 5 रन लेग बाई के दिए।
3 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5/1, शिखर धवन 0* और विराट कोहली 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: एक और मेडन ओवर
इंग्लैंड ने एक और मेडन ओवर किया है। डेविड विली ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को पूरी तरह बांधे रखा और रन नहीं बनाने दिया।
2 ओवर के बाद भारत का स्कोर 0/0, रोहित शर्मा 0* और शिखर धवन 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: भारतीय पारी का आगाज
भारतीय पारी का आगाज हो गया है। लक्ष्य का पीछा करने के लिए रोहित शर्मा और शिखर धवन आए हैं। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी आक्रमण की कमान रीस टॉप्ली ने संभाली। उन्होंने रोहित को पहला ओवर मेडन फेंका।
1 ओवर के बाद भारत का स्कोर 0/0, रोहित शर्मा 0* और शिखर धवन 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: ब्रायडन कार्स एलबीडब्ल्यू
इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 247 रन का टारगेट दिया है। इंग्लैंड की ओर से आखिरी खिलाड़ी के रूप में रीस टॉप्ली (3) आउट हुए। उन्हें बुमराह ने यॉर्कर पर बोल्ड किया। क्रेग ओवर्टन 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
49 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 246/10
IND vs ENG Live Score: ब्रायडन कार्स एलबीडब्ल्यू
इंग्लैंड ने नौवां विकेट भी खो दिया है। कृष्णा ने ब्रायडन कार्स को 48वें ओवर की चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। कार्स ने 4 गेंदों में 2 रन बनाए।
48 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 242/9, क्रेग ओवर्टन 8* और रीस टॉप्ली 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: विली को बुमराह ने किया आउट
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड को आठवें झटका दिया है। उन्होंने डेविड विली को 47वें ओवर की आखिरी गेंद पर लॉन्ग ऑन की दिशा में श्रेयस अय्य के हाथों लपकवाया। विली ने 49 गेंदों में 41 रन जुटाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के मारे।
47 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 237/8, क्रेग ओवर्टन 8* और ब्रायडन कार्स 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: हार्दिक पांड्या ने 5 रन दिए
हार्दिक पांड्या ने 46वें ओवर में 5 रन दिए। विली के बल्ले से दो और ओवर्टन ने एक रन जुटाया। वहीं, दो रन लेग बाई के मिले।
46 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 227/7, डेविड विली 32* और क्रेग ओवर्टन 7* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी का स्पैल भी हुआ पूरा
शमी का 10 ओवर का खेल पूरा हो गया है। उन्होंने इस दौरान 48 रन देकर 1 विकट लिया। शमी ने 45वें ओवर में 7 रन खर्च किए। विली ने पहली गेंद पर दो और तीसरी गेंद पर एक रन लिया। वहीं, ओवर्टन ने चौथी और छठी गेंद पर डबल लिया।
45 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 222/7, डेविड विली 30* और क्रेग ओवर्टन 6* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: चहल के ओवर समाप्त
चहल के कोटे के 10 ओवर समाप्त हो गए हैं। उन्होंने 44वें ओवर में 2 रन दिए। ओवर्टन ने तीसरी और विली ने चौथी गेंद पर एक-एक रन बनाया।
44 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 215/7, डेविड विली 27* और क्रेग ओवर्टन 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी का किफायती ओवर .
शमी ने 43वें ओवर में किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने केवल 3 रन खर्च किए, जिसमें एक गेंद वाइड थी। विली ने पहली और ओवर्टन ने चौथी गेंद पर एक-एक रन दौड़ा।
43 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 213/7, डेविड विली 26* और क्रेग ओवर्टन 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: फिफ्टी से चूके मोईन अली
इंग्लैंड को सातवां झटका मोईन अली के तौर पर लगा है। मोईन ने टिककर बल्लेबाजी की लेकिन वह छठे वनडे अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 64 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 47 रन की पारी खेली। उन्हें चहल ने 42वें ओवर की आखिरी गेंद पर डीप स्क्वेयर लेग की दिशा में जडेजा के हाथों लपकवाया। मोईन ने सातवें विकेट के लिए विली के साथ 62 रन की पार्टनरशिप की।
42 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 210/7, डेविड विली 25* और क्रेग ओवर्टन 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: मोईन ने लगाया सिक्स
बुमराह ने 41वें ओवर में 7 रन दिए, जो मोईन ने बनाए। मोईन ने पहली गेंद पर डीप स्क्वेयर लेग की दिशा में पुल के जरिए शानदार छक्का लगाया। इसके अलावा उन्होंने पांचवीं गेंद पर एक रन लिया।
41 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 208/6, मोईन अली 46* और डेविड विली 25* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की टीम 200 के पार
इंग्लैंड ने लड़खड़ाने के बाद 200 का आंकड़ा छू लिया है। इंग्लिश टीम ने 238 गेंदों में यह रन बनाए। साथ ही मोईन और विली के बीच सातवें विकेट के लिए 50 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है।
40 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 201/6, मोईन अली 39* और डेविड विली 25* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: डेविड विली को मिला चौका
जसप्रीत बुमराह ने 39वें ओवर में 5 रन खर्च किए। विली ने चौथी गेंद पर चौका बटोरा। उन्होंने पुल करने का प्रयास किया मगर बल्ले का ऊपरी किनारा लगने के कारण बॉल फाइन लेग की बाउंड्री की तरफ चली गई।
39 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 194/6, मोईन अली 38* और डेविड विली 20* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: मोईन ने मारा चौका
मोईन ने चहल द्वारा किए गए 38वें ओवर में भी अपने हाथ खोले। उन्होंने दूसरी गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर स्लॉग स्वीप कर दिया।
38 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 189/6, मोईन अली 37* और डेविड विली 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: कृष्णा पर पड़े दो छक्के
कृष्णा द्वारा फेंके गए 37वें ओवर में दो छक्के पड़े। मोईन दूसरी गेंद पर डीप स्क्वायर लेग और विली ने अंतिम गेंद पर फाइन लेग की दिशा में हवाई फायर किया।
37 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 184/6, मोईन अली 32* और डेविड विली 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: चहल को फिर सौंपी गई गेंद
कप्तान चहल ने 36वें ओवर में चहल को सौंपी, जिसमें 2 रन आए। विली ने पहली और मोईन ने तीसरी गेंद पर एक-एक रन बनाया।
36 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 169/6, मोईन अली 24* और डेविड विली 9* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: मोईन ने जड़ा पहला चौका
मोईन अली ने अपनी पारी का पहला चौका जड़ा है। उन्होंने 35वें ओवर की पहली गेंद पर पुल शॉट खेला और डीप मिडविकेट की दिशा में बाउंड्री जमाई।
35 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 167/6, मोईन अली 23* और डेविड विली 8* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: फिर जडेजा ने अच्छी बॉलिंग की
जडेजा लगातार अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं। उन्होंने 34वें ओवर में 2 रन खर्च किए। विली ने पहली और मोईन ने पांचवीं गेंद पर एक-एक रन दौड़ा।
34 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 161/6, मोईन अली 18* और डेविड विली 7* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: जडेजा ने किफायती ओवर किया
मोईन और विली धीमी गति से रन बनाने के कोशिश में लगे हुए हैं। मोई बड़ा शॉट खेलने की फिराक में नहीं हैं जबकि विली हाथ खोलने के चक्कर में हैं। कृष्णा ने 33वें ओवर में 3 रन दिए।
33 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 159/6, मोईन अली 17* और डेविड विली 6* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: जडेजा ने किफायती ओवर किया
जडेजा ने 32वें ओवर में किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्प 3 रन खर्च किए। विली ने दो और मोईन ने एक रन जुटाया।
32 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 156/6, मोईन अली 16* और डेविड विली 4* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कृष्णा ने छोड़ा विली का कैच
हार्दिक पांड्या एक ओवर विकेट लेने से चूक गए। दरअसल, कृष्णा ने 31वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विली का कैच टपका दिया। विली ने पुल किया लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा फाइन लेग की ओर चली गई। ऐसे में कृष्णा के हाथों से गेंद फिसल गई।
31 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 153/6, मोईन अली 15* और डेविड विली 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड 150 रन के पार
इंग्लैंड ने 150 का आंकड़ा पार कर लिया है। जडेजा ने 30वें ओवर में केवल 3 रन खर्च किए। मोईन ने दो और विली ने एक रन बनाया।
30 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 151/6, मोईन अली 14* और डेविड विली 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: लिविंगस्टोन ने गंवाया विकेट
हार्दिक ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई है। उन्होंने 29वें ओवर की अंतिम गेंद पर लिविंगस्टोन को अपना शिकार बनाया। लिविंगस्टोन ने ताबड़तोड़ अंदाज में रन जुटाने के चक्कर में डीप स्क्वेयर लेग पर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी श्रेयस अय्यर को कैच थमा दिया। इससे पहले उन्होंने चौथी गेंद पर छक्का और पांचवीं गेंद पर चौका मारा। लिविंगस्टोन ने 33 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 33 रन की पारी खेली। उन्होंने छठे विकेट के लिए मोईन के साथ 46 रन जोड़े।
29 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 148/6, मोईन अली 12* और डेविड विली 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: हार्दिक ने अच्छा ओवर निकाला
जडेजा ने 18वें ओवर में 4 रन दिए। लिविंगस्टोन ने पहली गेंद पर डबल और दूसरी गेंद पर सिंगल लिया। वहीं, मोईन ने चौथी गेंद पर एक रन जुटाया।
28 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 129/5, लियाम लिविंगस्टोन 21* और मोईन अली 11* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: हार्दिक ने अच्छा ओवर निकाला
हार्दिक पांड्या ने 27वें ओवर में अच्छी बॉलिंग की। उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए, जिसमें एक वाइड थी। मोईन ने पांचवीं और लिविंगस्टोन ने अंतिम गेंद पर एक-एक रन बनाया।
27 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 129/5, लियाम लिविंगस्टोन 18* और मोईन अली 10* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: रवींद्र जडेजा को मिली गेंद
भारत के लिए 26वां ओवर में स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने किया, जिसमें 5 रन आए। मोईन ने दूसरी गेंद पर डबल जबकि तीसरी और छठी गेंद पर सिंगल लिया। वहीं, लिविंगस्टोन ने चौथी गेंद पर एक रन बनाया।
26 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 126/5, लियाम लिविंगस्टोन 17* और मोईन अली 9* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: लिविंगस्टोन ने चौका मारा
लिविंगस्टोन ने बुमराह द्वारा डाले गए 25वें ओवर में भी गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। उन्होंने तीसरी गेंद पर शानदार ऑन ड्राइव खेला। यब फुल लेंथ गेंद थी।
25 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 121/5, लियाम लिविंगस्टोन 16* और मोईन अली 5* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: लिविंगस्टोन ने खोले हाथ
लिविंगस्टन ने शुरुआत में धीमी गति से रन बनाने के बाद 24वें ओवर में अपने हाथ खोले। उन्होंने पहली गेंद पर वाइड लांग ऑन के ऊपर से दमदार छक्का मारा। इसके अलावा उन्होंने दो और मोइन ने दो रन बनाए। वहीं, एक रन वाइड का आया।
24 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 116/5, लियाम लिविंगस्टोन 12* और मोईन अली 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: बुमराह बॉलिंग के लिए आए
कप्तान रोहित ने 23वें ओवर में जसप्रीत बुमराह को गेंद थमाई। बुमराह ने महज 2 रन खर्च किए। मोईन ने पहली गेंद पर और लिविंगस्टोन ने अंतिम गेंद पर एक-एक रन बनाया।
23 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 105/5, लियाम लिविंगस्टोन 4* और मोईन अली 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: चहल के जाल में फंसे स्टोक्स
इंग्लैंड का पांचवां बेन स्टोक्स के रूप में गिरा है। स्टोक्स ने 23 गेंदों में 3 चौकों के जरिए 21 रन की पारी खेली। उन्हें चहल ने 22वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। स्टोक्स स्वीप शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद बल्ले से लगने के बजाए पैट पर जा लगी। ऐसे में अंपयर ने उंगली खड़ी कर दी। हालांकि, स्टोक्स ने रिव्यू लेने का फैसला किया मगर उन्हें निराशा हाथ लगी।
22 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 103/5, लियाम लिविंगस्टोन 3* और मोईन अली 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड का सैकड़ा पूरा
इंग्लैंड ने अपना सैकड़ा कंप्लीट कर लिया है। मेजबान टीम ने 123 गेंदों में इतने रन जुटाए। शमी ने 21वें ओवर में अच्छी गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 2 रन दिए।
21 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 101/4, बेन स्टोक्स 21* और लियाम लिविंगस्टोन 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कप्तान जोस बटलर हुए बोल्ड
भारत के लिए 20वां ओवर चहल ने किया और 12 रन खर्च गिए। स्टोक्स ने दो चौकों समेत 11 और लिविंगस्टोन ने 1 रन बनाया। दिलचस्प बात यह रही कि स्टोक्स ने शुरुआती चार गेंदों पर रिवर्स स्वीप शॉट खेला।
20 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 99/4, बेन स्टोक्स 21* और लियाम लिविंगस्टोन 1* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: कप्तान जोस बटलर हुए बोल्ड
इंग्लैंड को चौथा झटका कप्तान जोस बटलर के तौर पर लगा है। रूट के जाने के बाद बैटिंग के लिए आए बटलर ने सस्ते में अपना विकेट खोया। उन्होंने 5 गेंदों में 4 रन बनाए। बटलर को शमी ने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड किया। वह फ्लिक करना की कोशिश में थे मगर गेंद पैड से लगने के बाद स्टंप्स में घुस गई।
19 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 87/4, बेन स्टोक्स 10* और लियाम लिविंगस्टोन 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: जो रूट लौटे पवेलयन
स्पिनर चहल ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने 18वें ओवर की चौथी गेंद पर दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने को पवेलियन भेजा। रूट ने फुलर गेंद पर स्वीप लगाने का प्रयास किया और एलबीडब्ल्यू हो गए। हालांकि, रूट अंपयर के फैसले से सहमत नहीं हुए और उन्होंने रिव्यू ले लिया। अंत में इंग्लैंड को रिव्यू गंवाना पड़ा।
18 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 84/3, बेन स्टोक्स 9* और जोस बटलर 2* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: शमी ने डाला किफायती ओवर
कप्तान रोहित ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को 17वें ओवर में फिर गेंद सौंपी। शमी ने महज 3 रन ही खर्च किए। स्टोक्स ने चौथी गेंद पर डबल और पांचवीं गेंद पर सिंगल लिया।
17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 81/2, जो रूट 11* बेन स्टोक्स 8* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: बेन स्टोक्स ने जमाया चौका
बेयरस्टो के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे बेन स्टोक्स ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर बेहतरीन चौका जमाया। उन्होंने कदमों का इस्तेमाल करते हुए गेंद को कवर की बाउंड्री के पार भेजा।
16 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 78/2, जो रूट 11* बेन स्टोक्स 5* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: अर्धशतक से चूके बेयरस्टो
इंग्लैंड को दूसरा झटका जॉनी बेयरस्टो के रूप में लगा है। बतौरन ओपनर उतरे बेयरस्टो ने 38 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके जड़े। उन्हें चहल ने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। बेयरस्टो फुल लेंथ गेंद पर स्लॉग स्वीप करने की कोशिश में मगर गच्चा खा गए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रूट के साथ 31 रन की साझेदारी की।
15 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 72/2, जो रूट 10* बेन स्टोक्स 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: बेयरस्टो ने लगाए दो चौके
बेयरस्टो ने 14वें ओवर में भी आक्रामक रुख दिखाया। उन्होंने कृष्णा के खिलाफ दो चौके मारे। बेयरस्टो ने पहली और पांचवीं गेंद पर पुल कर गेंद को बाउंड्री के पार भेजा।
14 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 70/1, जॉनी बेयरस्टो 37* और जो रूट 9* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: बेयरस्टो ने चहल पर चौका ठोका
कप्तान रोहित ने 13वें ओवर में लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंद थमाई। चहल ने 7 रन खर्च किए। बेयरस्टो ने पांचवीं गेंद पर शानदार कवर ड्राइव लगाकर चौका बटोरा।
13 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 59/1, जॉनी बेयरस्टो 27* और जो रूट 8* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: कृष्णा ने किफायती ओवर किया
प्रसिद्ध कृष्णा ने 12वें ओवर में किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने केवल 2 रन दिए। जो रूट ने पांचवीं गेंद पर दौड़कर 2 रन लिए।
12 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 52/1, जॉनी बेयरस्टो 21* और जो रूट 7* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड का पचासा कंप्लीट
इंग्लैंड की टीम ने आखिरकार अपना पचासा पूरा कर लिया है। इंग्लैंड को इस दौरान सिर्फ 1 एक्ट्रा रन मिला। हार्दिक पांड्या ने 11वें ओवर में 4 रन दिए।
11 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 50/1, जॉनी बेयरस्टो 21* और जो रूट 5* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: पहला पावर प्ले हुआ समाप्त
पहला पावर प्ले समाप्त हो चुका है, जिसके बाद टीम पचासे के नजदीक पहुंचने में कामयाब रही। 10वां ओवर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने किया और 5 रन खर्च किए। बेयरस्टो ने और रूट ने तीन रन जुटाए।
10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 46/1, जॉनी बेयरस्टो 19* और जो रूट 3* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: जेसन रॉय बने हार्दिक का शिकार
हार्दिक पांड्या ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर जेसन रॉय को अपना शिकार बनाया। रॉय फ्लिक के जरिए सिक्स मारने की फिराक में थे और डीप वाइड फाइन लेग पर सूर्यकुमार यादव के हाथों लपके गए। उन्होंने 33 गेंदों का सामना करने के बाद 2 चौकों और 2 छक्के की मदद से 23 रन बनाए।
9 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 41/1, जॉनी बेयरस्टो 17* और जो रूट 0* क्रीज पर हैं।
IND vs ENG Live Score: बुमराह ने फेंका मेडन ओवर
बुमराह लगातार कसी हुई गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आठवें ओवर में कोई रन नहीं दिया। बुमराह ने रॉय को मेडन ओवर फेंका।
8 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 40/0, जेसन रॉय 23 और जॉनी बेयरस्टो 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs ENG Live Score: शिखर धवन ने छोड़ा कैच
शमी द्वारा डाले गए सातवें ओवर में बेयरस्टो आउट होने से बाल-बाल बच गए। दरअसल, बेयरस्टो ने चौथी गेंद पर ड्राइव करने का प्रयास किया लेकिन बॉल किनारा लेकर स्लिप में शिखर धवन की तरफ गई। धवन के लिए यह मुश्किल कैच था मगर गेंद छिटककर बाउंड्री के पार चली गई।
7 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 40/0, जेसन रॉय 23 और जॉनी बेयरस्टो 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
छठा ओवर जारी
जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं छठा ओवर।
इंग्लैंड का स्कोर 6 ओवर बाद
इंग्लैंड के ओपनर्स ने पहले 6 ओवरों में 35 रन बना लिए हैं। रॉय ने 22 रन बनाए, बेयरस्टो ने 12 रन जोड़े हैं।
बेयरस्टो का शानदार चौका
बुमराह की गेंद पर बेयरस्टो ने डीप मिडविकेट दिशा में शानदार चौका जड़ा।
5 ओवर समाप्त
इंग्लैंड के ओपनर्स ने पहले 5 ओवरों में 30 रन बना लिए हैं। जेसन रॉय 21 और बेयरस्टो 8 रन बना चुके हैं।
चार ओवर बाद इंग्लैंड का स्कोर
इंग्लैंड की टीम ने चार ओवरों में 17 रन बना लिए हैं।
जसप्रीत बुमराह और शमी का आगाज
मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है और भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने बॉलिंग की शुरुआत की है।
इंग्लैंड ने बनाए 2 ओवर में 4 रन
पिच पर जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो टिके हुए हैं।
कुछ ही देर में शुरू होगा मैच
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड की टीम में कोई बदलाव नहीं। टीम इंडिया में अय्यर की जगह विराट कोहली की वापसी। मैच 5.30 बजे शुरू होगा।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, डेविड विली, क्रेग ओवरटन, ब्रायडन कार्स और रीस टॉपले।
भारतीय प्लेइंग-11
रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा और युजवेंद्र चहल।
अय्यर की जगह कोहली
श्रेयस अय्यर की जगह विराट कोहली को टीम में फिर से जगह मिली।
भारतीय टीम ने टॉस जीता
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर दूसरे वनडे में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
लंदन में आज का मौसम
दूसरे वनडे मैच का वेन्यू लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड लंदन में स्थित है। अगर लंदन के मौसम की बात करें तो गुरुवार को लंदन में मौसम के साफ रहने की संभावना है। बारिश के खलल डालने की कोई उम्मीद नहीं है। मैच के दौरान कई घंटे धूप खिली रहेगी। गर्मी से भी राहत रहेगी।
लॉर्ड्स के मैदान पर भारत के आंकड़े
भारत ने लॉर्ड्स में 8 वनडे खेले हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने चार मुकाबले जीते और 3 गंवाए। वहीं, एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।
क्या कहती है लॉर्ड्स की पिच?
लॉर्ड्स में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को पिच से मदद मिलती है। है। यह एक एवरेज-स्कोरिंग ग्राउंड है। यहां वनडे मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 238 जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 213 है। लॉर्ड्स में अब तक 70 वनडे मैच खेले गए हैं।
इनमें से चुनी जाएगी इंग्लैंड की प्लेइंग-11
जोस बटलर (कप्तान), मोईन अली, जोनाथन बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, ब्राइडन कार्स, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, क्रेग ओवरटन, मैथ्यू पार्किंसन, जो रूट, जेसन रॉय, फिल सॉल्ट, बेन स्टोक्स, रीस टॉप्ली और डेविड विली।
इनमें से चुनी जाएगी भारतीय प्लेंइंग-11
भारतीय क्रिकेट टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह।
कब और कहां देखें
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे वनडे को आप भारत में शाम 5.30 बजे से देख सकेंगे। टॉस 5 बजे होगा।
दूसरे वनडे का वेन्यू
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।
भारत-इंग्लैंड दूसरा वनडे
कुछ ही देर में शुरू होगा भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच।

