IND vs SA 1st Test Day 5 Highlights: टीम इंडिया ने फतह किया 'सेंचुरियन का किला', जीत के साथ किया साल का अंत
India vs South Africa (IND vs SA) 1st Test Day 5: भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच अपने नाम कर लिया है। भारत ने 113 रन से विजयी परचम फहराया।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत ने गुरुवार को पांचवें दिन सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में 113 रन से विजयी परचम फहराया। यह भारत की सेंचुरियन में पहली और दक्षिण अफ्रीकी सरजमीन पर चौथी टेस्ट जीत है। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने 305 रन का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 191 पर ढेर हो गई। भारत ने अपनी पहली पारी में 327 और दूसरी पारी में 174 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीकी टीम पहली पारी में 197 रन ही जुटा पाई थी। । भारत की तरफ से पहली पारी में शतक जड़ने वाले केएल राहुल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान डीन एल्गर (77) ने दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन बनाए। वहीं, तेम्बा बावुमा 35 रन बनाकर नाबाद पेविलनय लौटे। क्विंटन डिकॉक ने 21 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी 20 का आंकड़ा पार नहीं कर सका। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी दिन अपने खेल की शुरुआत चार विकेट पर 94 रन से आगे की थी और टीम ने 97 रन जोड़कर 6 विकेट गंवा दिए। भारत ने सुबह के सत्र में तीन विकेट निकालकर लंच तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 182 रन कर दिया और फिर लंच के बाद बाकी बचे तीन विकेट दो ओवर में हासिल कर शानदार जीत अपने नाम की।
भारत की ओर से दूसरी पारी में मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन जबकि मोहम्मद सिराज और आर अश्विन ने दो-दो विकेट अपनी झोली में डाले। इसके अलावा, शमी ने पहली पारी में 5, बुमराह और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो और सिराज ने एक विकेट चटकाया था। सेंचुरियन में बड़ा लक्ष्य हासिल करना कभी आसान नहीं रहा। यहां सबसे बड़ा टारगेट चेज करने का रिकार्ड इंग्लैंड टीम के नाम दर्ज है, जिसने 2000-01 में चौथी पारी में 251 रन बनाकर जीत अपने नाम की थी
भारत-दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
भारत: विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
दक्षिण अफ्रीका: डीन एल्गर (कप्तान), एडेन मार्कराम, कीगन पीटरसन, रस्सी वैन डेर ड्यूसेन, तेम्ब बावुमा, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को जेनसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।
दूसरा सत्र शुरू होते ही ढेर हुई दक्षिण अफ्रीकी टीम
दूसरे सत्र में दक्षिण अफ्रीके के बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 68 ओवर में 191 रन बनाकर सिमट गई। भारत ने आखिरी तीन विकेट सिर्फ 12 गेंदों के अंदर झटक लिए। शमी ने जेनसेन को 67वें ओवर में विकेट के पीछे कैच कराया। वहीं, आर अश्विन ने 68वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कगिसो रबाडा और अंतिम गेंद पर लुंगी एनगिंड के अपना शिकार बनाया। दोनों का खाता नहीं खुला। तेम्बा बावुमा 35 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 80 गेंदों का सामना किया औऱ 4 चौके लगाए।
लंच ब्रेक तक लड़खड़ाई दक्षिण अफ्रीकी पारी
पहले सत्र का खेल खत्म हो गया है। दिन के खेल शुरू होने पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने थोड़ा दम दिखाया लेकिन उसके बाद भारतीय गेंदबाज हावी हो गए। दक्षिण अफ्रीक की दूसरी पारी लड़खड़ा गई है। लंच ब्रेक तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 66 ओवर में 182/7 था। बावुमा 34 और जेनसेन 5 रन बनाकर खेल रहे थे।
भारत को जीत के लिए 3 विकेट की जरूरत
भारतीय टीम को जीत दर्ज करने के लिए अब तीन विकेट की जरूरत है। बावुमा 22 के निजी स्कोर पर हैं जबकि मार्को जेनसेन का खाता नहीं खुला है। दक्षिण अफ्रीका ने 62 ओवर में 165 रन जुटा लिए हैं।
वियान मुल्डर का नहीं चला बल्ला
डिकॉक के आउट होने पर बैटिंग के लिए आए वियान मुल्डर का बल्ला नहीं चला। वह तीन गेंदों में महज 1 रन बना सके। उन्हें मोहम्मद शमी ने 61वें ओवर में विकेटकपर ऋषभ पंत के हाथों लपकवाया।
डिकॉक को सिराज ने भेजा पवेलियन
मोहम्मद सिराज ने भारत को छठी सफलता दिलाई है। उन्होंने 60वें ओवर में विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। डिकॉक चौथे स्टंप पर गुड लेंथ गेंद को कट करने के चक्कर में, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्टंप्स में घुस गई। उन्होंने 28 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 21 रन बनाए। डिकॉक ने छठे विकेट के लिए बावुमा (22*) के संग 31 रन जोड़े। उनका विकेट 161 के कुल स्कोर पर गिरा।
150 रन के पार दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने 150 रन बना लिए हैं। टीम ने यह आंकड़ा 336 गेंदों में छुआ। 57 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 153/5 है। बावुमा 18 और डिकॉक 15 रन बनाकर टिके हैं।
एल्गर के बाद बल्लेबाजी के लिए आए डिकॉक
एल्गर के जाने के बाद बल्लेबाजी के लिए क्विंटन डिकॉक उतरे हैं। डिकॉक (3*) और बावुमा (15*) संभलकर दक्षिण अफ्रीका की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। 54 ओवर का खेल खत्म होने के बाद मेजबान टीम का स्कोर 138/5 है।
डीन एल्गर बने जसप्रीत बुमराह का शिकार
दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका कप्तान डीन एल्गर के तौर पर लगा है। टिककर बल्लेबाजी कर रहे एल्गर को बुमराह ने 51वें ओवर में एलबीडब्ल्यू किया। एल्गर स्क्वायर लेग की तरफ शॉट मारने की फिराक में थे लेकिन गेंद पिच पर पड़ने के सीधे पैड से जा लगी। एल्गर ने रिव्यू लिया मगर कोई फाएदा नहीं हुआ। उन्होंने 156 गेंदों में 12 चौकों के जरिए 77 रन की पारी खेली। बुधवार को 52 रन बनाकर नाबाद रहने वाले एल्गर ने गुरुवार को 25 रन जुटाए। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए बावुमा (10*) के साथ 36 रन की पार्टनरशिप की। उनका विकेट 130 के कुल स्कोर पर गिरा।
एल्गर-बावुमा ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन
एल्गर (77*) और बावुमा (10*) ने मोर्चा संभाला रखा है, जिससे टीम इंडिया की थोड़ी टेंशन बढ़ गई है। एल्गर तेजी से रन बना रहे हैं जबकि बावुमा बखूबी साथ निभा रहे हैं। दोनों के बीच 35 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है। 50 ओवर का खेल होने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 130 रन बना लिए हैं।
45 ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 110
दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में 45 ओवर फेंके जा चुके हैं, जिसके बाद स्कोर 110/4 पर पहुंच गया है। एल्गर 63 और बावुमा 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका का सैकड़ा कंप्लीट
दक्षिण अफ्रीका का सैकड़ा कंप्लीट हो गया है। 42 ओवर का खेल होने के बाद मेजबान टीम का स्कोर 101/4 है। एल्गर 58 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि बावुमा का खाता खुलना बाकी है।
पांचवें दिन का खेल शुरू, क्रीज पर एल्गर-बावुमा
पांचवें दिन का खेल शुरू हो चुका है। चौथे दिन 52 रन बनाकर नाबाद रहे कप्तान डीन एल्गर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। उनके साथ देने के लिए तेम्बा बावुमा आए हैं। बावुमा ने पहले पारी में अर्धशतक जमाया था।
खेल शुरू होने से पहले तैयारी करते खिलाड़ी
खेल शुरू होने से पहले तैयारी में जुटे भारतीय खिलाड़ी।
Warming up to what looks like a fascinating final day of the Test match ️#TeamIndia | #SAvIND pic.twitter.com/sfM8KrEF4v
— BCCI (@BCCI) December 30, 2021
'विराट कोहली को ड्राइव करना जारी रखना चाहिए'
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ का मानना है कि विराट कोहली को ड्राइव करने में हिचक नहीं दिखानी चाहिए क्योंकि इससे उन्होंने ढेरों रन जुटाये हैं लेकिन इसके लिये उन्हें सही गेंद का चयन करना चाहिए। कोहली कवर ड्राइव या ऑफ ड्राइव करने के प्रयास में विकेट के पीछे कैच दे रहे हैं और इसलिए इस संबंध में राठौड़ से सवाल किया गया था।
क्या सेंचुरियन में इतिहास रच पाएगी टीम इंडिया?
भारत सेंचुरियन में इतिहास रचने की दहलीज पर है। अगर टीम इंडिया गुरुवार को मैच पर कब्जा जमाने में सफल हो जाती है तो यह उसकी सेंचुरियन में पहले टेस्ट जीत होगी।
दक्षिण अफ्रीका में चौथी जीत के करीब भारत
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका में अपनी चौथी टेस्ट जीत के करीब है, जिसके लिए टीम को पांचवें दिन 6 विकेट की तलाश होगी। भारत ने साल 1992 में पहली बार दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था। 29 साल में भारत ने अफ्रीकी सरजमीं पर 20 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से सिर्फ तीन मैचों में विजय नसीब हो सकी है।
दोनों टीमों का टेस्ट स्क्वाड
भारत: विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, अजिंक्य रहाणे, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), जयंत यादव, प्रियांक पांचाल, उमेश यादव, हनुमा विहारी, इशांत शर्मा।
दक्षिण अफ्रीका: डीन एल्गर (कप्तान), तेम्बा बावुमा (उपकप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), कैगिसो रबाडा, सरेल एरवी, बेउरन हेंड्रिक्स, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, एडेन मार्कराम, वियान मुल्डर, कीगन पीटरसन, रासी वैन डर डूसेन, काइल वेरेने, मार्को जेन्सन, ग्लेनटन स्टुरमैन, प्रेनेलन सुब्रायन, सिसांडा मगला, रेयान रिकेलटन, डुआने ओलिवर।

