कमलेश नागरकोटी का मजाक उड़ाने वाले दर्शक पर विराट कोहली ने जमकर निकाली भड़ास, देखें वायरल वीडियो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 26, 2022, 11:04 AM IST

Virat Kohli lashes out at spectator: भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान विराट कोहली का एक वीडियो वायरल हो गया है। कोहली इस वीडियो में एक दर्शक पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं, जिसने बाउंड्री लाइन पर खड़े कमलेश नागरकोटी का मजाक उड़ाया।

कमलेश नागरकोटी का मजाक उड़ाने वाले दर्शक पर विराट कोहली ने जमकर निकाली भड़ास, देखें वायरल वीडियो

लेस्‍टर: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान विराट कोहली को अपनी आक्रमकता के साथ-साथ खिलाड़‍ियों के लिए स्‍टैंड लेने वाले व्‍यक्ति के रूप में जाना जाता है। लेस्‍टरशायर के खिलाफ भारतीय टीम के चार दिवसीय अभ्‍यास मैच के दौरान यही बात एक बार फिर साबित हुई, जब कमलेश नागरकोटी का मजाक उड़ाने वाले दर्शक पर विराट कोहली ने जमकर भड़ास निकाली।  विराट कोहली के गुस्‍से का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

यह घटना भारत और लेस्‍टरशायर के बीच अभ्‍यास मैच के तीसरे दिन हुई, जिसमें कोहली बालकनी में खड़े होकर दर्शक पर भड़कते हुए नजर आए। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक दर्शक भारतीय तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी का मजाक उड़ा रहा था, जो सीमा रेखा के पास फील्डिंग कर रहे थे। कोहली को कहते हुए सुना गया, 'वो यहां मैच खेलने आया है या आप लोगों के साथ फोटो खिंचवाने।' 

यह वीडियो तेजी से यूजर्स के बीच फैला। बहरहाल, भारतीय टीम इस अभ्‍यास मैच के बाद 1 जुलाई से एजबेस्‍टन में इंग्‍लैंड के खिलाफ एक टेस्‍ट मैच खेलेगी। यह मुकाबला पिछले साल कोविड-19 के कारण स्‍थगित हुआ था। भारतीय टीम इस सीरीज में 2-1 की बढ़त पर है। वहीं विराट कोहली इस समय रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने नवंबर 2019 से कोई शतक नहीं जमाया है। पूर्व कप्‍तान को उम्‍मीद होगी कि इंग्‍लैंड के खिलाफ वो लय में लौटेंगे और अपने शतकों का सूखा समाप्‍त करेंगे।

भारतीय टीम एकमात्र टेस्‍ट के बाद इंग्‍लैंड के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। 7 जुलाई से दोनों देशों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। 12 जुलाई से दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज खेली जाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!