विराट कोहली का बड़ा ऐलान, आईपीएल के बाद छोड़ेंगे आरसीबी की कप्तानी 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2021, 02:45 AM IST

Virat Kohli Step down as RCB captain: विराट कोहली ने टीम इंडिया की टी20 टीम की कप्तानी के बाद अब आरसीबी की कमान छोड़ने का फैसला किया है। 

विराट कोहली का बड़ा ऐलान, आईपीएल के बाद छोड़ेंगे आरसीबी की कप्तानी 

दुबई: विराट कोहली इन दिनों अपने वर्कलोड को कम करने के लिए दनादन फैसले ले रहे हैं। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद भारतीय टी20 टीम की कमान छोड़ने का ऐलान करने वाले विराट ने रविवार देर रात आईपीएल में भी कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। विराट के कप्तानी छोड़ने का ऐलान आरसीबी के ट्वीट में किया गया है। एक सप्ताह के अंतराल में विराट कोहली द्वारा लिया गया यह दूसरा बड़ा निर्णय है।


आरसीबी द्वारा जारी प्रेस रिलीज में विराट ने कहा, आरसीबी में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के दल का नेतृत्व करने की मेरी यह यात्रा बेहद प्रेरणादायक और बेहतरीन रही है। मैं इस मौके पर आरसीबी के प्रबंधन, कोच, सपोर्ट स्टाफ, खिलाड़ियों और पूरे आरसीबी परिवार का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। जिन्होंने एक टीम के रूप में पिछले कई सालों में शानदार तरक्की की है। मेरे लिए यह निर्णय आसान नहीं था लेकिन यह टीम के हित में है।  आरसीबी परिवार मेरे दिल के हमेशा करीब रहेगा और हम आगे भी सर्वश्रेष्ठ हासिल करने की पुरजोर कोशिश करेंगे। मैं कई बार पहले भी यह कह चुका हूं कि क्रिकेट से संन्यास लेने तक आरसीबी के लिए साथ जुड़ा रहूंगा। 

साल 2013 में बने थे आरसीबी के कप्तान
विराट कोहली ने आरसीबी की कप्तानी साल 2013 में डेनियल विटोरी के संन्यास लेने के बाद संभाली थी। उसके बाद से पिछले 8 साल से वो टीम की कमान संभाल रहे हैं। लेकिन वो एक बार भी अपनी कप्तानी में टीम को आईपीएल खिताब नहीं दिला सके।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!