विराट कोहली के घर गूंजी किलकारी, पत्‍नी अनुष्‍का शर्मा ने दिया बेटी को जन्‍म

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 11, 2021, 04:49 PM IST

Virat Kohli and Anushka Sharma: भारतीय कप्‍तान विराट कोहली और उनकी पत्‍नी अनुष्‍का शर्मा ने सोमवार को अपने पहले बच्‍चे का स्‍वागत किया। बॉलीवुड एक्‍ट्रेस अनुष्‍का शर्मा ने बेटी को जन्‍म दिया।

विराट कोहली के घर गूंजी किलकारी, पत्‍नी अनुष्‍का शर्मा ने दिया बेटी को जन्‍म

मुंबई: भारतीय कप्‍तान विराट कोहली और उनकी पत्‍नी बॉलीवुड एक्‍ट्रेस अनुष्‍का शर्मा ने सोमवार को अपनी बेटी का स्‍वागत किया। विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ खबर साझा करते हुए बताया कि सोमवार की दोपहर अनुष्‍का शर्मा ने बेटी को जन्‍म दिया। कोहली ने साथ ही कहा कि बेटी और अनुष्‍का शर्मा दोनों ही स्‍वस्‍थ हैं। अनुष्‍का शर्मा ने 11 जनवरी 2021 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में बेटी को जन्‍म दिया। अनुष्‍का और विराट सुबह ही अस्‍पताल में पहुंचे थे।

भारतीय कप्‍तान ने ट्वीट किया, 'हम दोनों को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। हम आपके प्‍यार और मंगलकामनाओं के लिए दिल से आभारी हैं। अनुष्‍का और हमारी बेटी दोनों बिलकुल ठीक हैं और हमारा यह सौभाग्‍य है कि हमें इस जिंदगी का यह चैप्‍टर अनुभव करने को मिला। हम जानते हैं कि आप यह जरूर समझेंगे कि इस समय हम सब को थोड़ी निजता चाहिए होगी।'

अनुष्‍का के साथ रहे विराट

अनुष्‍का और विराट कोहली ने 11 दिसंबर 2017 को इटली में शादी की थी। शादी में परिवार के करीबी और चुनिंदा दोस्‍त शामिल हुए थे। इसके बाद स्‍टार कपल ने दिल्‍ली और मुंबई में शादी का रिसेप्‍शन रखा था, जिसमें कई सेलिब्रिटीज शामिल हुए थे। पिछले साल अगस्‍त में दोनों ने अनुष्‍का के प्रेग्‍नेंट होने की खबर फैंस के साथ साझा की थी। तब दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लिखा था, 'और तब हम तीन हो जाएंगे। जनवरी 2021 में खुशखबरी आएगी।' तब इस स्‍टार कपल को दुनियाभर से शुभकामनाएं मिली थीं।

विराट कोहली जो ऑस्‍ट्रेलिया दौरे पर राष्‍ट्रीय टीम के साथ थे, वह पहले टेस्‍ट के बाद भारत लौट आए थे। बीसीसीआई ने उन्‍हें पैतृत्‍व अवकाश की स्‍वीकृति दे दी थी। इसके बाद से वह अपनी पत्‍नी के साथ ही हैं। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में अजिंक्‍य रहाणे भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं। इधर विराट कोहली के लिए सोमवार का दिन बेहद खास बना, उधर टीम इंडिया ने भी ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऐतिहासिक तीसरा टेस्‍ट ड्रॉ कराया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!