सुरेश रैना ने बताया कि वो किन दो क्रिकेटरों के साथ लॉकडाउन बिताना चाहेंगे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2020, 06:10 AM IST

Suresh Raina picks his lockdown partners: चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने बताया है कि वो किन खिलाड़ियो के साथ लॉकडाउन बिताना चाहेंगे अगर मौका मिला।

सुरेश रैना ने बताया कि वो किन दो क्रिकेटरों के साथ लॉकडाउन बिताना चाहेंगे
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली: दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना लॉकडाउन में इन दिनों अपने घर में परिवार के साथ जमकर समय बिता रहे हैं। क्रिकेटरों को अपने व्यस्त कार्यक्रम के दौरान आम दिनों में परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिलता, ऐसे में लॉकडाउन में उनकी ये कमी पूरी हो गई है। शनिवार को रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स के इंस्टाग्राम चैट पर बात करते हुए कुछ दिलचस्प सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उनसे ये भी पूछा गया कि उनको अगर अपनी आईपीएल टीम में से दो खिलाड़ियों को लॉकडाउन में साथ रखने के लिए चुनना हो तो वो किसे चुनेंगे?

सुरेश रैना ने इस सवाल के जवाब में कहा कि वो अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सपुर किंग्स में से रवींद्र जडेजा और ड्वायन ब्रावो को लॉकडाउन में बतौर भारतीय और विदेशी क्वारंटीन पार्टनर चुनेंगे। रैना ने फ्रेंचाइजी से इंस्टाग्राम पर बात करते हुए कहा, 'मैं रवींद्र जडेजा को चुनूंगा। मुझे उनकी कंपनी पसंद है। वह मजेदार हैं।'

उनके फार्महाउस पर लॉकडाउन अच्छा रहेगा

रैना ने इसके बाद ये भी बताया कि वो कहां पर लॉकडाउन बिताना पसंद करेंगे। इसके जवाब में रैना ने कहा, 'मैं उनके (जडेजा) फार्महाउस पर लॉकडाउन बिताना पसंद करूंगा। उनका घोड़ा चलाऊंगा और उनसे कहूंगा कि मुझे घोड़ा चलाना सिखाओ। हम सर्वश्रेष्ठ खाना खा सकते हैं।'

विदेशी खिलाड़ी में ब्रावो क्योंकि..

रैना से जब पूछा गया कि वह किसी विदेशी खिलाड़ी को अपना क्वारंटीन पार्टनर चुनेंगे तो उन्होंने ब्रावो का नाम लिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं ब्रावो को चूनूंगा। इस लॉकडाउन में आपको डांस करने की जरूरत है। मुझे लगता है कि वह आपको खुश करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वह आपको अलग-अलग गानों पर डांस करवा देंगे यहां तक की नए गाने भी बनवा देंगे। इसलिए मैं विदेशी खिलाड़ियों में से उन्हें चुनूंगा।' रैना, जडेजा और ब्रावो की तिगड़ी ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में चेन्नई की सफलता में काफी योगदान दिया है।

आईपीएल को कोरोना वायरस महामारी के चलते अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। खबरों के मुताबिक तमाम क्रिकेट सीरीज और टी20 विश्व कप जैसे टूर्नामेंट के कार्यक्रम पर जैसे संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। उसको देखते हुए मुमकिन है कि आईपीएल इसी साल सितंबर के आस-पास कराया जा सके। हालांकि अब तक बीसीसीआई ने इस पर कुछ नहीं कहा है लेकिन करोड़ों आईपीएल फैंस यही मना रहे होंगे कि कुछ रास्ता निकल आए ताकि इस बार भी वो आईपीएल का लुत्फ उठा सकें।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!