'ये ट्रेंड गलत है, क्या कपिल देव महान नहीं थे?' शोएब अख्तर ने भारत के अगले टेस्ट कप्तान के लिए दिया अनोखा सुझाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 24, 2022, 12:06 PM IST

Shoaib Akhtar on India's Next Test Captain: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारत के अगले टेस्ट कप्तान को लेकर अनोखा सुझाव दिया है।

'ये ट्रेंड गलत है, क्या कपिल देव महान नहीं थे?' शोएब अख्तर ने भारत के अगले टेस्ट कप्तान के लिए दिया अनोखा सुझाव
Photo Credit: Twitter

पाकिस्तान के पूर्व धाकड़ तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारत के अगले टेस्ट कप्तान के लिए एक अनोखा सुझाव दिया है। उनका कहना है कि भारतीय टीम का कप्तान किसी बल्लेबाज की बजाए तेज गेंदबाज को बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह ट्रेंड गलत है और इस बदलने की जरूरत है। अख्तर का मानना है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाकर भारतीय टेस्ट टीम के अगले कप्तान के रूप में तैयार करना चाहिए। बता दें कि विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से हार के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था।

'क्या कपिल देव महान कप्तान नहीं थे?'

अख्तर ने शनिवार को स्पोर्ट्स टुडे के साथ बातचीत में भारत में कप्तान की भूमिका सिर्फ बल्लेबाजों को सौंपे जाने के चलन पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान टीम के तीन बेहतरीन कप्तान रहे हैं, जो सभी तेज गेंदबाज थे। उन्होंने कहा कि भारत में कपिल देव महान कप्तान थे और वह फास्ट बॉलर थे। शोएब ने कहा, 'आप तेज गेंदबाजों को कप्तान के रूप में क्यों नहीं देखते। कपिल देव एक तेज गेंदबाज थे। क्या वह एक महान कप्तान नहीं थे? मुझे नहीं पता कि यह धारणा क्यों है कि बल्लेबाज ज्यादा बुद्धिमान हैं। पाकिस्तान के लिए तेज गेंदबाज इमरान खान, वसीम अकरम और वकार यूनिस कप्तानी कर चुके हैं।' 

'तेज गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स को तैयार करें'

अख्तर ने आगे  कहा, 'एक तेज गेंदबाज हमेशा जीत के लिए उतावला रहता है। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि बल्लेबाज ऐसे नहीं हैं, लेकिन थोड़ा अंतर है। जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाया जाना चाहिए और उन्हें कप्तानी के लिए तैयार किया जाना चाहिए। तेज गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स को तैयार करें। यह सोचने का ट्रेंड गलत है कि केवल बल्लेबाज ही कप्तान हो सकते हैं।' गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बुमराह ने स्वीकार किया था कि अगर मौका दिया गया तो वह टेस्ट में भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। बुमराह के अलावा, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत और केएल राहुल टेस्ट कप्तान की दौड़ में शामिल हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!