क्या ये बना कारण? इस लक्ष्य को हासिल करने में जुटे थे शेन वॉर्न, निधन से 4 दिन पहले ही किया था खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2022, 07:33 AM IST

Shane Warne last Instagram post, Reason of Shane Warne's death: महान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शेन वॉर्न का शुक्रवार को निधन हो गया। इससे चार दिन पहले वॉर्न ने अपने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि वो किस लक्ष्य पर काम कर रहे थे।

क्या ये बना कारण? इस लक्ष्य को हासिल करने में जुटे थे शेन वॉर्न, निधन से 4 दिन पहले ही किया था खुलासा
Photo Credit: Instagram

शुक्रवार का दिन क्रिकेट जगत के लिए और खासतौर पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बहुत भारी रहा। जहां सुबह पूर्व दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रॉड मार्श के निधन की खबर आई, वहीं रात होते-होते ऑस्ट्रेलिया के महान पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न के निधन की खबर ने सबको चौंका दिया। पूरा खेल जगत शोक में है और किसी को भरोसा नहीं हो रहा कि 52 वर्ष की आयु में आखिर वॉर्न कैसे दुनिया को अलविदा कह गए। इसी बीच उनके अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट की भी चर्चा है जिसमें उन्होंने चार दिन पहले खुलासा किया था कि वो किस लक्ष्य पर काम कर रहे थे। इसके अलावा एक पुराना किस्सा भी चर्चा में है।

शेन वॉर्न थाईलैंड के एक टूरिस्ट स्थान पर थे जब उनका निधन हुआ। खबरों के मुताबिक वो अपने विला में थे जब उनको दिल का दौरा पड़ा। जब तक उनको लेकर कोई कदम उठाया जाता या इलाज के बारे में सोचा जाता, वो दुनिया छोड़ चुके थे। शेन वॉर्न ने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में चार दिन पहले अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें वो काफी पतले और फिट नजर आ रहे थे।

वॉर्न ने इस तस्वीर के साथ लिखा था कि, "ऑपरेशन वजन घटाओ शुरू हो चुका है (10 दिन हो चुके हैं)। और लक्ष्य है जुलाई तक उस शेप में आ जाना जैसा कुछ साल पहले था। लेट्स गो।"

वो विवाद..जब प्रतिबंधित डायूरेटिक के सेवन के दोषी पाये गए थे

शेन वॉर्न पहले भी अपने करियर के दौरान वजन घटाने को लेकर कई बार मेहनत कर चुके थे। इससे जुड़ा एक विवादित किस्सा भी था जो उनके नाम के साथ जुड़ा रहा था। दक्षिण अफ्रीका में 2003 विश्व कप से पहले वह प्रतिबंधित डायूरेटिक के सेवन के दोषी पाये गए थे। हालांकि उन्होंने कहा था कि उनकी मां ने वजन कम करने के लिये उन्हें वो दवा दी थी।

ये हैरानी वाली बात ही है कि वो अपनी फिटनेस पर काम कर रहे थे और अंत में उनके स्वास्थ्य ने ही उनका साथ नहीं दिया। शेन वॉर्न ने शुक्रवार को सुबह ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर रॉड मार्श के निधन के बाद अपने आखिरी ट्वीट में उनको श्रद्धांजलि दी थी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!