हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन से हैरान संजय मांजरेकर ने उनकी तारीफ में दिया ये बयान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 21, 2022, 08:35 AM IST

Sanjay Manjerakar on Hardik Pandya: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन को लेकर हैरानी जताई है। उनके मुताबिक पांड्या ने जबरदस्त वापसी की है।

हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन से हैरान संजय मांजरेकर ने उनकी तारीफ में दिया ये बयान

लंबे समय तक अपनी फिटनेस और फॉर्म से जूझते हुए हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने पहले आईपीएल और फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जोरदार वापसी की और इसी के साथ उन्होंने साबित कर दिया कि मौजूदा समय में वो सीमित ओवर क्रिकेट में भारत के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर हैं। उनकी प्रतिभा और वापसी के पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर भी कायल हो गए हैं। मांजरेकर ने पांड्या की जमकर तारीफ की है।

संजय मांजरेकर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के क्रिकेट के बदलाव से हैरान हैं। उनके मुताबिक हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2022 से पहले अपने में बदलाव किया और एक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर के रूप में उभरे। गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2022 सीजन में नई टीम गुजरात टाइटंस का नेतृत्व किया, और ये टीम सीजन का खिताब ले गई।

इसके बाद, पांड्या ने आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की पहली बार कप्तानी की। वहां भी उन्होंने टीम को सीरीज में सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने जोस बटलर के नेतृत्व वाले इंग्लैंड को हराकर टी20 और वनडे सीरीज जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मांजरेकर ने संकेत दिया कि गुजरात टाइटंस ने नई आईपीएल फ्रेंचाइजी का पांड्या को कप्तान बनाकर एक बड़ा जोखिम उठाया, जिस पर आलोचकों ने कई सवाल उठाए। हालांकि, पांड्या ने वहां न सिर्फ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, बल्कि आलोचना करने वालों को मुंह तोड़ जवाब भी दिया।

मांजरेकर ने स्पोर्ट्स 18 के हवाले से कहा, "पांड्या ने अपने क्रिकेट में पूरी तरह से बदलाव किया है, न सिर्फ बल्लेबाजी में बल्कि गेंदबाजी में भी उन्होंने जीतोड़ मेहनत की है, जिस वजह से उन्हें सफलता मिल रही है। यह एक वाइल्डकार्ड था जिसे फ्रेंचाइजी ने खेला था। सबसे पहले पांड्या को रिटेन करना और इसके बाद उन्हें कप्तान बनाना। हालांकि, इससे पहले वे अपनी फिटनेस समस्या से जूझ रहे थे। उनकी बल्लेबाजी पहले की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के लिए एक मुद्दा बनी हुई थी।"

मांजरेकर ने यह भी महसूस किया कि महत्वाकांक्षी व्यक्ति के पास हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का एक अच्छा मौका होता है और वह पांड्या में उस विशेषता को देख सकते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!