रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में हासिल किया नया मुकाम, बने ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 13, 2022, 08:00 AM IST

Most sixes for India in ODIs: रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में छक्कों की बारिश करते हुए वनडे क्रिकेट में 250 छक्के जड़ने वाले दुनिया के चौथे और पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। 

रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में हासिल किया नया मुकाम, बने ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय 
Photo Credit: AP

लंदन: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में जीत के लिए 111 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 58 गेंद में 76 रन की नाबाद पारी खेली और टीम की 10 विकेट के अंतर से जीत में अहम भूमिका अदा की। रोहित ने अपनी इस आतिशी पारी के दौरान 7 चौके और 5 छक्के जड़े।

हिटमैन रोहित ने इस पारी के दौरान 49 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने ओवल में जैसे ही अपनी पारी का पांचवां छक्का जड़ा वो वनडे क्रिकेट में 250 छक्के जड़ने वाले दुनिया के चौथे और पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। 

वनडे में रोहित ने पूरे किए 250 छक्के
रोहित शर्मा ने ये उपलब्धि करियर का 231वें मैच की 224वीं पारी में हासिल की। रोहित से पहले इस मुकाम पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी(351), वेस्टइंडीज के क्रिस हेल (331), सनथ जयसूर्या(270) पहुंचे थे।  रोहित शर्मा के बाद वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में दूसरे पायदान पर काबिज भारतीय एमएस धोनी(222) हैं। इस सूची में तीसरे पायदान पर 195 छक्के के साथ सचिन तेंदुलकर और चौथे नंबर पर ने 189 छक्के के साथ सौरव गांगुली हैं। 

गावस्कर के नाम दर्ज है भारत के लिए पहला छक्का 
भारत के लिए वनडे क्रिकेट में पहला छक्का सुनील गावस्कर थे। इसके बाद पचासवां छक्का जड़ने वाले पहले भारतीय कपिल देव बने थे। सचिन तेंदुलकर भारत के लिए 100 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय थे। इसके बाद सौरव गांगुली 150 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने थे। पूर्व कप्तान एमएस धोनी वनडे क्रिकेट में छक्कों का दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने थे। रोहित शर्मा अब 250 छक्कों के मुकाम तक पहुंचने वाले इंडियन क्रिकेटर बन गए हैं।

पिछले पांच साल में हिटमैन ने जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के 
पिछले पांच साल में रोहित शर्मा पूरी दुनिया में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में नंबर वन हैं। रोहित के बल्ले से पिछले 72 पारियों में सबसे ज्यादा 126 छक्के निकले हैं। वहीं यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने  इस दौरान 30 पारियों में 93 और इंग्लैंड के जॉनी बेयर्स्टो ने 59 पारियों में 79 छक्के जड़े हैं। 


End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!