राहुल और सचिन के फैन माता-पिता ने अपने क्रिकेटर बेटे का नाम रखा 'रचिन', आज है जन्मदिन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 18, 2021, 02:36 PM IST

Rachin Ravindra 22nd Birthday: न्यूजीलैंड की टीम में शामिल भारतीय मूल के क्रिकेटर रचिन रवींद्र आज अपना 22वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके नामकरण की कहानी बेहद रोचक है। 

राहुल और सचिन के फैन माता-पिता ने अपने क्रिकेटर बेटे का नाम रखा 'रचिन', आज है जन्मदिन
Photo Credit: AP

नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को जयपुर में खेले गए तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में कीवी टीम की ओर से भारतीय मूल के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र खेलने उतरे। वही रचिन रवींद्र आज अपना 22वां जन्मदिन मना रहे हैं। 

18 नवंबर ,1999 को न्यूजीलैंड के वेलिंग्टन में जन्मे रचिन रवींद्र के नामकरण की कथा भी बेहद रोचक है। बुधवार को भारत के खिलाफ जयपुर में खेले गए सीरीज के पहले मैच में रचिन केवल 7 रन बना सके लेकिन उन्होंने अपने नाम की वजह से सुर्खियां बटोरीं।

 मूल रूप से बेंगलुरू के रहने वाले पिता रवि कृष्णमूर्ति के क्रिकेट प्रेम की वजह से रचिन को उनका नाम मिला। नब्बे के दशक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पिता रवि न्यूजीलैंड चले गए थे। पिता की क्रिकेट में बहुत दिलचस्पी थी। उन्होंने अपने क्रिकेट के शौक को पूरा करने के लिए वहां एक क्रिकेट क्लब की भी स्थापना की। 

राहुल द्रविड़ और सचिन के नाम से मिलकर बना है रचिन 
रचिन पिता को भारत के दो स्टार क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर बहुत पसंद थे। ऐसे में पिता ने अपने बेटे का नाम राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर के नाम को जोड़कर रचिन रखा। राहुल द्रविड़ के नाम से उन्हें Ra और सचिन के नाम से Chin लेकर अपने बेटे का नाम रचिन रख दिया। 

न्यूजीलैंड के लिए खेले दो अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप 
बेहद कम उम्र में ही रचिन कीवी क्रिकेट जगत में अपना नाम बनाने में सफल हो गए। साल 2016 और 2018 में आयोजित अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप में रचिन कीवी टीम का हिस्सा रहे थे। दोनों ही बार उन्होंने अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद जल्दी ही उनकी न्यूजीलैंड की सीनियर टीम में भी एंट्री हो गई लेकिन उन्हें डेब्यू के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

बांग्लादेश के खिलाफ किया था अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 
सितंबर, 2021 में रचिन को बांग्लादेश के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू करने का मौका मिला। बांए हाथ के बल्लेबाज और गेंदबाज रचिन ने अबतक खेले 6 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में 9 की औसत और 98.18 के स्ट्राइकरेट से 54 रन बनाए हैं। वहीं इसी दौरान गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 6 विकेट भी 13.83 की औसत और 4.36 की इकोनॉमी के साथ झटके हैं। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!