CSK vs MI: दूसरे लेग में भी जारी है धोनी-रैना का फ्लॉप शो, मुंबई के खिलाफ नहीं चला बल्ला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 19, 2021, 09:23 PM IST

MS Dhoni and Suresh Raina's Performance in IPL 2021: एमएस धोनी और सुरेश रैना का बतौर बल्लेबाज फ्लॉफ शो आईपीएल 2021 के पहले मैच मे भी जारी रहा। 

CSK vs MI: दूसरे लेग में भी जारी है धोनी-रैना का फ्लॉप शो, मुंबई के खिलाफ नहीं चला बल्ला

दुबई: आईपीएल 2021 के दूसरे चरण का आगाज रविवार को मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले के साथ हो गया। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के टॉप ऑर्डर को ट्रेंट बोल्ट और एडम मिल्ने ने अपनी तूफानी गेंदबाजी के बल पर ध्वस्त कर दिया। 

चेन्नई की टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 24 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। जिसमें फॉफ डुप्लेसी(0), मोईन अली(0), सुरेश रैना(4) और एमएस धोनी(3) के विकेट शामिल थे। इसके अलावा मिल्ने की गेंद पर चोटिल होकर अंबाती रायुडू भी रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। 

2 ओवर में फॉफ डुप्सेली और मोईन अली के विकेट गंवाने और रायुडू के चोटिल होने के बाद टीम को संभालने की जिम्मेदारी पहले सुरेश रैना और उसके बाद एमएस धोनी के कंधों पर आई लेकिन दोनों ही बल्लेबाज एक बार फिर अपने रंग में नजर नहीं आए। सुरेश रैना 4 रन बनाकर बोल्ट की गेंद पर चाहर के हाथों लपके गए। रैना के आउट होने के बाद मोर्चा संभालने आए धोनी भी 5 गेंद में 3 रन बनाकर मिल्ने की गेंद पर लपके गए। इस तरह चेन्नई का स्कोर 4 विकेट पर 24 रन हो गया। 

10 की औसत से धोनी बना रहे हैं रन, केवल किया है 35 गेंद का सामना
भारत में आयोजित आईपीएल 2021 के पहले दौर में चेन्नई का प्रदर्शन शानदार रहा था और लेकिन रैना और धोनी का बल्ला खामोश रहा था।  मौजूदा सीजन में धोनी ने खेले 8 मैच में केवल 40 रन बना सके हैं। इस दौरान वो पिच पर डटकर टिकने में असफल रहे हैं और केवल 35 गेंद का सामना कर सके हैं। आईपीएल 2021 में उनका औसत 10 का और 114.28 का स्ट्राइक रेट रहा है। मौजूदा सीजन में धोनी अबतक केवल 4 चौके और एक छक्का जड़ सके हैं। पूरे आईपीएल करियर में धोनी ने बल्ले से इतना खराब प्रदर्शन कभी नहीं किया है।

भारत में केवल एक अर्धशतक जड़ सके थे रैना 
यही हाल धोनी के साथी खिलाड़ी सुरेश रैना का भी रहा है। भारत में खेले गए कुछ मैचों में रैना का बल्ला चला था और वो 7 मैच में 123 रन बनाने में सफल रहे थे। जिसमें 54 उनका सर्वाधिक स्कोर रहा था। ऐसे में दूसरे चरण के पहले मैच में 4 रन की पारी खेलकर रैना 21.16 के साधारण औसत औक 123.30 के स्ट्राइक रेट से 127 रन बना सके हैं। उनके बल्ले से मौजूदा सीजन में अबतक 10 चौके और 8 छक्के निकले हैं। 





End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!