केपटाउन टेस्ट: मोहम्मद शमी के पास है दिग्गजों के क्लब में शामिल होने का मौका 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2022, 08:15 AM IST

मोहम्मद शमी के पास केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार से खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में दिग्गजों के स्पेशल क्लब में शामिल होने का शानदार मौका है। 

केपटाउन टेस्ट: मोहम्मद शमी के पास है दिग्गजों के क्लब में शामिल होने का मौका 
Photo Credit: AP

केपटाउन: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मंगलवार से केपटाउन में सीरीज का तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच खेला जाना है। इस मैच में टीम इंडिया की जीत पैस बैटरी के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। भारतीय टीम को जोहान्सबर्ग टेस्ट की दूसरी पारी में पेस बैटरी के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से हार का सामना करना पड़ा था। 

शार्दुल ठाकुर के अलावा और कोई भारतीय पेसर अपनी छाप नहीं छोड़ सका था। शार्दुल ने जहां मैच में 8 विकेट झटके थे वहीं मोहम्मद शमी के खाते में 3 और बुमराह के खाते में एक विकेट आया था। ऐसे में पहले टेस्ट में जीत दिलाने वाले बुमराह और शमी जोहान्सबर्ग में धमाकेदार वापसी करने की कोशिश करेंगे।

द. अफ्रीका के खिलाफ विकेटों के पचासे से हैं पांच कदम दूर 
इसी दौरान मोहम्मद शमी के पास दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पचास विकेट पूरे करने का शानदार मौका है। वो द. अफ्रीका के खिलाफ अबतक खेले 10 टेस्ट मैच में 45 विकेट झटक चुके और विकेटों के अर्धशतक को पूरा करने से केवल 5 कदम दूर हैं। केपटाउन टेस्ट में अगर शमी की स्विंग का जादू चल निकला तो भारतीय टीम की स्थिति तो मजबूत होगी ही वहीं शमी भी अपना नाम दिग्गज गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में दर्ज करा लेंगे। 

दक्षिण अफ्रीका है शमी की फेवरेट टीम
शमी ने द. अफ्रीका के खिलाफ अबतक खेले 10 टेस्ट मैच की 20 पारियों में 45 विकेट दर्ज हैं। शमी ने ये विकेट 20.55 के औसत और 40.5 के स्ट्राइक रेट के साथ लिए हैं। ऐसा प्रदर्शन शमी ने अपने टेस्ट करियर में और किसी टीम के खिलाफ नहीं किया है। 206 टेस्ट विकेट अपने नाम कर चुके शमी की फेवरेट टीम दक्षिण अफ्रीका ही है। इससे ज्यादा विकेट उन्होंने और किसी टीम के खिलाफ नहीं लिए हैं। इंग्लैंड का नंबर इसके बाद आता है जिसके खिलाफ उन्होंने 14 टेस्ट में 42 विकेट अपने नाम किए हैं। 

द. अफ्रीका के खिलाफ पचास विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय 
शमी से पहले द. अफ्रीका के खिलाफ अनिल कुंबले(84), जवागल श्रीनाथ(64), हरभजन सिंह(60), रविचंद्रन अश्विन(56) पचास से ज्यादा टेस्ट विकेट हासिल कर चुके हैं। इस सूची में शामिल होने वाले शमी पांचवें भारतीय और दूसरे तेज गेंदबाज होंगे। जवागल श्रीनाथ ने 13 टेस्ट मैच में 64 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं कुंबले ने 21 टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा 84 विकेट लिए थे।  

सीरीज में ऐसा रहा है शमी का प्रदर्शन
मौजूदा टेस्ट सीरीज में खेले दो टेस्ट मैच की चार पारियों में शमी ने 19.45 की औसत और 38.7 के स्ट्राइकरेट से 11 विकेट हासिल किए हैं। वो टीम इंडिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने सीरीज के पहले टेस्ट में 107 रन देकर 8 विकेट अपने नाम किए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की थी। 44 रन देकर 5 विकेट उनका सीरीज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ऐसे में उनसे तीसरे टेस्ट में भी अच्छे प्रदर्शन की टीम को आशा है।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!