सेंचुरियन: टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल(KL Rahul) ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन शतक जड़कर धमाल कर दिया। सेंचुरियन टेस्ट के पहले दिन राहुल 122 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। वो दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर टेस्ट शतक जड़ने वाले वसीम जाफर के बाद दूसरे भारतीय ओपनर बने। इसके साथ ही केएल राहुल ने सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग जैसे टीम इंडिया के पूर्व दिग्गजों के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
गावस्कर और सहवाग के क्लब में हुई एंट्री
राहुल के टेस्ट करियर का ये सातवां टेस्ट शतक है। ये सात शतक उन्होंने 6 देशों में जड़े हैं। उनके नाम इंग्लैंड में सबसे ज्यादा दो शतक दर्ज हैं। इसके अलावा राहुल ने ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और भारत में 1-1 टेस्ट शतक जड़ा है। सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज अपने पूरे करियर में 6 देशों में टेस्ट शतक जड़ने में सफल हुए थे। इस मामले में राहुल गावस्कर और सहवाग की बराबरी पर आ गए हैं।
41वें टेस्ट में हासिल की राहुल ने ये उपलब्धि
साल 2014 में डेब्यू करने वाले राहुल ने ये उपलब्धि अपने 7 साल लंबे टेस्ट करियर में 41वें मैच की 69वीं पारी में हासिल की। राहुल ने अपने सातों टेस्ट शतक बतौर ओपनर ही जड़े हैं। चार टेस्ट में वो नबंर तीन और एक टेस्ट में नंबर 6 पायदान पर बल्लेबाजी कर चुके हैं।
गावस्कर श्रीलंका में नहीं जड़ सके शतक
गावस्कर ने अपने करियर में 125 मैच में 34 टेस्ट शतक जड़े। जो भारत(16), वेस्टइंडीज(7), ऑस्ट्रेलिया(5), पाकिस्तान(3), इंग्लैंड(2), न्यूजीलैंड(1) में उनके बल्ले से निकले। गावस्कर ने जिन सात देशों में टेस्ट क्रिकेट खेली उनमें से वो केवल श्रीलंका में वो तीन अंक के आंकड़े को नहीं छू सके।
सहवाग ने छठे नंबर पर जड़ा था दक्षिण अफ्रीका में डेब्यू शतक
वहीं वीरेंद्र सहवाग ने अपने 104 मैच के करियर में 10 देश में टेस्ट क्रिकेट खेली। उन्होंने करियर में कुल 23 टेस्ट शतक जड़े। उन्होंने भारत में सबसे ज्यादा(13), श्रीलंका(3), ऑस्ट्रेलिया(2), पाकिस्तान(2), इंग्लैंड(1), दक्षिण अफ्रीका(1) और वेस्टइंडीज(1) में शतकीय पारियां खेलीं। दक्षिण अफ्रीका में सहवाग के बल्ले से निकला डेब्यू शतक छठे पायदान पर बैटिंग करते हुए आया था। वो बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और जिंबाब्वे में टेस्ट शतक नहीं जड़ सके।
दूसरे पायदान पर हैं चार खिलाड़ी
गावस्कर, सहवाग और केएल राहुल के बाद सबसे ज्यादा देशों में बतौर ओपनर टेस्ट शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में साझा रूप से दूसरे पायदान पर रवि शास्त्री, वसीम जाफर, मुरली विजय और शिखर धवन हैं। इन सभी ने 4-4 देशों में टेस्ट शतक जड़े हैं।

