करीना कपूर क्रिकेट में रचेंगी इतिहास, ये कमाल करने वाली बनेंगी पहली भारतीय एक्‍ट्रेस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 31, 2019, 02:09 PM IST

करीना इस प्रतिष्ठित सेरेमनी में शामिल होने वाली पहली भारतीय एक्‍ट्रेस बन जाएंगी। 39 साल की करीना को जब वी मेट, बजरंगी भाईजान समेत कई मशहूर फिल्‍मों में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है।

करीना कपूर क्रिकेट में रचेंगी इतिहास, ये कमाल करने वाली बनेंगी पहली भारतीय एक्‍ट्रेस
Photo Credit: Twitter

मेलबर्न: बॉलीवुड एक्‍ट्रेस करीना कपूर 1 नवंबर 2019 को ऑस्‍ट्रेलिया के मेलबर्न में पुरुष और महिला दोनों की टी20 विश्‍व कप ट्रॉफी का अनावरण करेंगी। 2020 महिला वर्ल्‍ड टी20 टूर्नामेंट 21 फरवरी को शुरू होगा जबकि पुरुषों का टी20 विश्‍व कप 18 अक्‍टूबर से शुरू होगा। इस इवेंट में शामिल होते ही करीना कपूर क्रिकेट में इतिहास रच देंगी। वह इस प्रतिष्ठित सेरेमनी में शामिल होने वाली पहली भारतीय एक्‍ट्रेस बन जाएंगी। 39 साल की करीना को जब वी मेट, बजरंगी भाईजान समेत कई मशहूर फिल्‍मों में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है।

इस महान पल के बारे में करीना का कहना है कि वह इस शाम का हिस्‍सा बनकर काफी सम्‍मानित महसूस कर रही हैं। उन्‍होंने साथ ही कहा कि इससे दुनिया में महिलाओं को प्रोत्‍साहन मिलेगा कि वह अपने देश का प्रतिनिधित्‍व क्रिकेट में करें। करीना महिला क्रिकेटर्स की प्रगति देखकर काफी खुश हैं। उन्‍होंने इस दौरान अपने स्‍वर्गीय ससुर के बारे में भी बात की, जो भारतीय क्रिकेट टीम के सर्वकालिक महान क्रिकेटरों में से एक रहे।

करीना ने कहा, 'मैं इस इवेंट का हिस्‍सा बनने पर काफी सम्‍मानित महसूस कर रही हूं। मैं सभी महिलाओं का प्रोत्‍साहन बढ़ाना चाहती हूं, जो अपने देश का प्रतिनिधित्‍व करते हुए अपने सपने को साकार कर रही हैं। यह देखकर काफी शक्तिशाली महसूस होता है कि अंतरराष्‍ट्रीय प्‍लेटफॉर्म पर वह मजबूती से खड़ी हुई हैं। वह सभी के लिए प्रेरणा हैं। मेरे स्‍वर्गीय ससुर (मंसूर अली खान पटौदी) भी भारतीय क्रिकेट टीम के महान क्रिकेटरों में से एक रहे और मेरे लिए यह सम्‍मान की बात है कि ट्रॉफी का अनावरण करूंगी।'

बता दें कि करीना कपूर जल्‍द ही कई फिल्‍मों में नजर आने वाली हैं। करीना जल्‍द ही राज मेहता की फिल्‍म गुड न्‍यूज में नजर आएंगी। इसमें उन्‍हें अक्षय कुमार, दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी का साथ मिलेगी। इसके अलावा करीना कपूर करण जौहर की तख्‍त और होमी एदजानिया की अंग्रेजी मीडियम में भी नजर आएंगी। यही नहीं, करीना लाल सिंह चड्ढा में आमिर खान के अपोजिट दिखेंगी, जो कि अमेरिकी कॉमेडी ड्रामा फिल्‍म की हिंदी रीमेक होगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!