IND vs NZ: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं खेलेंगे केन विलियमसन, ये खिलाड़ी संभालेगा न्यूजीलैंड की कमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 16, 2021, 11:43 AM IST

Kane Williamson to sit out T20I series: न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी जानी है। केन विलियमसन ने इस सीरीज में नहीं खेलने का फैसला किया है।

IND vs NZ: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं खेलेंगे केन विलियमसन, ये खिलाड़ी संभालेगा न्यूजीलैंड की कमान
Photo Credit: AP, File Image

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के नियमित कप्तान केन विलियमसन भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में नहीं खेलेंगे। उन्होंने टेस्ट सीरीज पर फोकस करने के लिए यह फैसला किया है। विलियमसन की जगह तेज गेंदबाज टिम साउदी टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड टीम की कमान संभालेंगे। पहला टी20 17 नवंबर यानी बुधवार को जयपुर में खेला जाएगा जबकि दूसरा शुक्रवार को रांच और तीसरा टी20 मैच रविवार को कोलकाता में होगा। इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 15 नवंबर से कानपुर में शुरू होगा और दूसरा टेस्ट 3 दिसंबर से मुंबई में खेला जाना है।

दुबई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2021 का फाइनल गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की 15 सदस्यीय टीम सोमवार शाम को जयपर पहुंच चुकी है। विलियमसन भी जयपुर में हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने एक बयान में कहा कि टी20 श्रृंखला को देखते हुए फैसला लिया गया है कि विलियमसन टेस्ट विशेषज्ञों के साथ जुड़ेंगे जो कि जयपुर में ही अभ्यास कर रहे हैं। टिम साउदी बुधवार से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में टीम की अगुवाई करेंगे।

एनजेडसी ने साथ ही यह भी बताया कि ऑलाराउंडर काइल जैमीसन, सलामी बल्लेबाज डेरिल मिचेल, स्पिनर मिचेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स दोनों सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा न्यूजीलैंड ने जानकारी दी कि तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन के टी20 सीरीज के लिए फिट होने की उम्मीद है। फर्गयूसन पिण्डली की चोट की वजह से टी20 विश्व कप नहीं खेल पाए थे।

गौरतलब है कि टी20 विश्व कप 2021 का समापन होने के बाद भारत और न्यूजीलैंड की यह पहली सीरीज है। भारतीय टीम जहां विश्व कप में में सुपर-12 राउंड से बाहर हो गई थी वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, कीवी को खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 8 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!