जेसन होल्‍डर ने रचा इतिहास, T20I में हैट्रिक लेने वाले बने वेस्‍टइंडीज के पहले गेंदबाज, स्‍पेशल क्‍लब में हुए शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 31, 2022, 12:36 PM IST

Jason Holder hat trick against England in 5th T20I: वेस्‍टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्‍डर ने इंग्‍लैंड के खिलाफ पांचवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। वो ये कारनामा करने वाले पहले कैरेबियाई गेंदबाज बने।

जेसन होल्‍डर ने रचा इतिहास, T20I में हैट्रिक लेने वाले बने वेस्‍टइंडीज के पहले गेंदबाज, स्‍पेशल क्‍लब में हुए शामिल
Photo Credit: Twitter

बारबाडोस: वेस्‍टइंडीज के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर जेसन होल्‍डर ने रविवार को इंग्‍लैंड के खिलाफ पांचवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। होल्‍डर ने इंग्‍लैंड की पारी के आखिरी ओवर में लगातार चार विकेट झटके। जेसन होल्‍डर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले वेस्‍टइंडीज के पहले गेंदबाज बन गए हैं। वहीं लगातार चार विकेट लेकर भी वो एक स्‍पेशल क्‍लब में शामिल हो गए हैं। बता दें कि होल्‍डर (27/5) के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत वेस्‍टइंडीज ने पांचवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्‍लैंड को 17 रन से हरा दिया।

बारबाडोस में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 179 रन का मजबूत स्कोर बनाया और फिर होल्डर की शानदार हैट्रिक के दम पर इंग्लैंड को एक गेंद शेष रहते 162 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसी के साथ वेस्‍टइंडीज ने पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम की।

इन्‍हें बनाया शिकार

कैरेबियाई ऑलराउंडर होल्डर ने अपनी हैट्रिक पूरी करने के लिए क्रिस जॉर्डन (7), आदिल राशिद (0) और शाकिब महमूद (0) के शिकार किए। इसके अलावा उन्होंने सैम बिलिंग्स (41) और कार्यवाहक कप्तान मोइन अली (14) को आउट करके मैच में अपना पंजा खोला। उन्होंन अपनी ये हैट्रिक अंतिम ओवर में जाकर पूरी की।

मलिंगा के क्‍लब में शामिल हुए होल्‍डर

तेज गेंदबाज होल्डर इसके साथ ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले दुनिया के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले, अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान, श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा और आयरलैंड के कर्टिस कैंपर यह कारनामा कर चुके हैं। कैंपर ने पिछले साल ही टी20 विश्व कप में चार गेंदों पर 4 विकेट झटके थे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!