दूसरे वनडे में इन दो बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की धुनाई की, 5 साल बाद हुआ कुछ ऐसा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 21, 2022, 10:08 PM IST

Janneman Malan and Quinton de Kock register century partnership, ind vs sa 2nd ODI: भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका के दो सलामी बल्लेबाजों ने भारत के हाथों से शुरुआत में ही जीत छीन ली।

दूसरे वनडे में इन दो बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की धुनाई की, 5 साल बाद हुआ कुछ ऐसा

भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शुक्रवार को एक बार फिर मेजबान टीम हावी रही। इस बार भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने 50 ओवर में 6 विकेट गंवाते हुए 287 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब देने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम के दोनों ओपनर्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को शुरुआत में ही जीत के मंच पर खड़ा कर दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की जिसने टीम इंडिया को बैकफुट पर ढकेल दिया और दक्षिण अफ्रीका ने अंत में ये मैच 49वें ओवर की शुरुआत में ही जीत लिया और साथ ही सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।

टीम इंडिया द्वारा दिए गए 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने बेहतरीन शुरुआत की और इसके नायक बने उसके दो ओपनर्स- यानमन मलान और क्विंटन डी कॉक। यानमन मलान ने 108 गेंदों पर 91 रनों की धुआंधार पारी खेली जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं दूसरी तरफ अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 66 गेंदों में 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 3 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।

इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 132 गेंदों में 132 रनों की साझेदारी को अंजाम दिया जिसने भारतीय गेंदबाजों का मनोबल तोड़ने का काम किया। दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट 132 रन पर गिरा, जबकि दूसरा विकेट 212 रन के स्कोर पर गिरा। ओपनर्स के बाद कप्तान बावुमा (35), मार्कराम (नाबाद 37) और रासी वेन डर डुसेन (नाबाद 37) ने अपनी टीम को 11 गेंदें बाकी रहते जीत तक पहुंचा दिया।

इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीकी ओपनर्स ने इस मैच में वो कमाल भी किया जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। नवंबर 2017 के बाद ये पहला मौका था जब उनकी सलामी जोड़ी ने घर पर खेलते हुए किसी वनडे मैच में शतकीय साझेदारी की। पांच साल बाद हुए इस कमाल ने दक्षिण अफ्रीका को ना सिर्फ मैच जिताया बल्कि सीरीज भी उनके नाम की।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!