Chennai Super Kings vs Kolkata Knight Riders Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें दोपहर साढ़े तीन बजे से अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में भिड़ेंगी। दोनों का मौजूदा सीजन में यह 10वां और दूसरे चरण में तीसरा मैच है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली सीएसके और इयोन मॉर्गन के नेतृत्व वाली केकेआर ने यूएई में आईपीएल के बहाल होने के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों ने दूसरे चरण में अपने पिछले दो मैचों में जीत हासिल की है और अब एक दूसरे को हराकर जीत की हैट्रिक पूरी करना चाहेंगी। सीएसके 7 जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि केकेआर 8 अंकों के साथ चौथे नंबर पर है।
अबुधाबी मैच की पिच रिपोर्ट
दूसरे चरण में शेख जायद स्टेडियम में तीन मैच खेले गए हैं। तीनों ही मैच में टीमों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। दो मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने विजय हासिल की। वहीं, पिच की बात करें तो अब तक तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिली है। केकेआर के लॉकी फर्ग्यूसन और प्रसिद्ध कृष्णा ने यहां गेंदबाजी का जमकर लुत्फ उठाया है। ऐसे में दोनों तेज गेंदबाज एक बार फिर अपना कमाल दिखाने चाहेंगी। बल्लेबाजों के लिए इस मैदान पर खुलकर रन बनाना आसान नहीं होगा। पिछले तीन मैचों में कोई भी टीम इस स्टेडियम में 160 का आंकड़ा नहीं छू पाई है।
अबुधाबी के मौसम का हाल
अबुधाबी में खिलाड़ियों को शुरुआत में गर्मी की चुनौती का सामना पड़ेगा। बुधवार को यहां दोपहर में अधिकतम तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। वहीं, शाम को थोड़ा राहत मिलने की संभावना है। साथ ही आसमान बिलकुल साफ और ज्यादातर धूप खिली रहने की उम्मीद है। बता दें कि कोलकाता ने दूसरे चरण में इस स्टेडियम में दो मैच खेले हैं, जिससे उसे तालमेल बिठाने में थोड़ी मदद मिल सकती है। केकेआर ने 20 सितंबर को रॉयल चैंलेंजर्स बैंगलोर को लो स्कोर मैच में 9 विकेट से शिकस्त दी थी और फिर मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराय था। वहीं, चेन्नई की टीम दूसरे चरण में पहली बार अबुधाबी के मैदान पर उतरेगी।

