IPL 2020: क्यों टीम से अलग दुबई पहुंचे आरसीबी के कप्तान विराट कोहली? 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 22, 2020, 06:10 PM IST

आईपीएल 2020 में भाग लेने के लिए रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान विराट कोहली टीम के साथ दुबई नहीं गए थे जानिए क्या है इसके पीछे की वजह।

IPL 2020: क्यों टीम से अलग दुबई पहुंचे आरसीबी के कप्तान विराट कोहली? 

नई दिल्ली: आईपीएल 2020 में भाग लेने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम शुक्रवार रात दुबई पहुंची। एक तरफ जहां टीम के अधिकांश सदस्यों ने बेंगलोर से दुबई के लिए विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट पकड़ी लेकिन कप्तान विराट कोहली टीम के साथ नहीं थे और उन्होंने दुबई का सफर चार्टर्ड फ्लाइट से पूरा किया। हर किसी के मन में यह सवाल उठ रहा था कि विराट कोहली टीम के अन्य सदस्यों के साथ दुबई क्यों नहीं गए। ऐसे में अब इसकी वजह का खुलासा हुआ है।

बेंगलुरू से दुबई पहुंची टीम, विराट मुंबई से दुबई 
विराट कोहली इन दिनों अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मुंबई में थे। मुंबई भारत में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में से एक है। ऐसे में विराट कोहली ने टीम के साथियों के साथ बेंगलुरू से दुबई का सफर तय करने से बेहतर सीधे दुबई पहुंचना बेहतर समझा। ऐसे में उन्होंने बगैर जोखिम उठाए मुंबई से दुबई का सफर चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए पूरा किया। उन्होंने ये निर्णय जैव सुरक्षित वातावरण के मद्देनजर किया। 

विराट नहीं लेना चाहते थे रिस्क
मुंबई मिरर में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली ने खुद को मुंबई में क्वारंटीन कर लिया था इस दौरान उनका कोरोना टेस्ट भी हुआ। इसलिए वो बेंगलुरू नहीं आ सकते थे तो ऐसे में उन्होंने अकेले ही चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए उड़ान भरने का निर्णय लिया। दुबई रवाना होने से पहले उन्होंने अपना करोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्होंने दुबई के लिए उड़ान भरी। दुबई पहुंचने के बाद सभी खिलाड़ियों को 6 दिन क्वारंटीन में रहना होगा। इस दौरान कोरोना टेस्ट में निगेटिव आने के बाद ही उन्हें बायो सिक्योर बबल में जाने की इजाजत होगी। 



आईपीएल 2020 में टीम का प्रदर्शन विराट कोहली के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। अबतक एक भी खिताब नहीं जीत सकी ऐसे में टीम के ऊपर खिताबी सूखे को खत्म करने का दबाव होगा। आरसीबी की टीम के लिए विराट कोहली ने अबतक 177 मैच खेले हैं इसमें से 110 मैच में उन्होंने टीम की कमान संभाली है। इस दौरान विराट ने 5,412 रन बनाए हैं। विराट ने साल 2016 में ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था। उस सीजन उन्होंने 973 रन बनाए थे जिसमें चार शतक और 7 अर्धशतक शामिल थे। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!