IND vs SA 1st T20: आज ऐसी हो सकती है भारत और द.अफ्रीका की प्लेइंग-11

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 12, 2022, 08:20 AM IST

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज दिल्ली में होने वाले पहले टी20 मैच में कौन सी टीम किन खिलाड़ियों को उतार सकती है।

IND vs SA 1st T20: आज ऐसी हो सकती है भारत और द.अफ्रीका की प्लेइंग-11
Photo Credit: Twitter

आज जब दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे भारत और दक्षिण अफ्रीका की टी20 टीमें मैदान पर उतरेंगी तो एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का जलवा और फैंस के बीच इसका जुनून देखने को मिलेगा। बेशक दिल्ली की गर्मी इस बार सबको कुछ ज्यादा ही परेशान कर रही है, लेकिन फैंस का जोश सातवें आसमान पर है और मैदान खचाखच भरा रहेगा। सभी दर्शकों को सबसे पहले इंतजार होगा उन 11 खिलाड़ियों का जो मैदान पर उतरेंगे। क्या होगी कप्तानों की पसंद?

टीम इंडिया का कप्तान एक बार फिर बदल चुका है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा को आराम दिया गया तो उनकी जगह केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई लेकिन बुधवार को वो भी चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए। अ्ब पहली बार रिषभ पंत को कप्तानी मिली है और सभी की नजरें होंगी कि वो कोच राहुल द्रविड़ की देखरेख में कैसी प्लेइंग-11 चुनते हैं। सबसे बड़े सवाल होंगे कि चोटिल कुलदीप यादव भी बाहर हो गए हैं और उनका खेला तय माना जा रहा था, ऐसे में उनकी जगह मैदान पर चहल का साथ कौन देगा?

इसके अलावा ओपनिंग को लेकर भी समस्या खड़ी हो गई है क्योंकि टीम के दो मुख्य ओपनर रोहित और राहुल इस समय टीम में नहीं हैं और शिखर धवन को भी नहीं चुना गया है। इस स्थिति में क्या रुतुराज और ईशान किशन के साथ ही टीम जाएगी या फिर द्रविड़-पंत की कोच-कप्तान जोड़ी किसी नए प्रयोग के साथ मैदान पर उतरेगी।

वहीं अगर बात करें दक्षिण अफ्रीकी टीम की तो उनकी तरफ से भी अधिकतर उन खिलाड़ियों को प्लेइंग में मौका दिया जाना तय माना जा रहा है जिन्होंने हाल में आईपीएल में जमकर धमाल मचाया। इनमें सबसे ऊपर जिन दो खिलाड़ियों का नाम है, वो हैं- क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर। अब देखना ये होगा कि केशव महाराज और तबरेज शम्सी में किस गेंदबाज के साथ जाते हैं और क्या तेंबा बावुमा की अगुवाई वाली ये मेहमान टीम रबाडा, नॉर्किया और एनगिडी, तीनों धुरंधर तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेगी।

ऐसी हो सकती है भारत और दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग-11 (IND vs SA 1st T20I Probable playing XI)

टीम इंडिया

ऋषभ पंत (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, उमरान मलिक, भुवनेश्वर कुमार और हर्षल पटेल।

दक्षिण अफ्रीका

तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रासी वान डेर डुसेन, एडेन मार्कराम, कगिसो रबाडा, एनरिच नॉर्किया, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन, मार्को येनसेन, तबरेज़ शम्सी और केशव महाराज।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!