Stats Preview: भारत-आयरलैंड के बीच अबतक टी20 में कैसी रही है भिड़ंत 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 25, 2022, 07:50 PM IST

भारत और आयरलैंड के बीच दो मैच की टी20 सीरीज का आगाज रविवार को होने जा रहा है। जानिए इन दोनों टीमों के बीच अबतक कैसी रही है भिड़ंत?

Stats Preview: भारत-आयरलैंड के बीच अबतक टी20 में कैसी रही है भिड़ंत 

डबलिन: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैच की टी20 सीरीज का आगाज रविवार को डबलिन के मालाहाइड क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर होने जा रहा है। टीम इंडिया पहली बार हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलने उतरेगी। हार्दिक ने अपनी नेतृत्व क्षमता आईपीएल 2022 में साबित की और गुजरात टाइटन्स को पहली बार में ही खिताब दिला दिया। 

ऐसे में आयरलैंड के खिलाफ युवा टीम का नेतृत्व कर रहे हार्दिक के कंधों पर टीम को जीत दिलाने का दारोमदार है। चार साल लंबे अंतराल के बाद दोनों टीमों का आमना सामना होने जा रहा है। साल 2018 में भी भारत-आयरलैंड के बीच 2 मैच की टी20 सीरीज खेली गई थी। जिसमें टीम इंडिया 2-0 से विजयी रही थी। 

भारत के खिलाफ अबतक जीत का स्वाद नहीं चख पाया है आयरलैंड
दोनों टीमों के बीच अबतक अंतरराष्ट्रीय टी20 में तीन बार भिड़ंत हुई है। तीनों मुकाबले भारतीय टीम के नाम रहे हैं। आयरलैंड की टीम एक भी मैच अपने नाम नहीं कर सकी। दोनों के बीच पहली बार भिड़ंत साल 2009 में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान नॉटिंघम में हुई थी। इस मैच में भारतीय टीम ने 8 विकेट के अंतर से जीत हासिल की थी। 

पिछली बार टीम इंडिया ने किया था आयरलैंड का सूपड़ा साफ
पिछली बार आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम ने दोनों टी20 मैच बड़े अंतर से अपने नाम किए थे। पहले मैच में भारत ने 5 विकेट पर 208 रन का स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में मेजबान टीम 9 विकेट खोकर 132 रन बना सकी थी और 76 रन के अंतर से मैच गंवा दिया था। दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम का हाल और बेहाल हो गया था। 20 ओवर में 4 विकेट पर 213 रन बनाने के बाद आयरलैंड की टीम 12.3 ओवर में महज 70 रन पर ढेर हो गई थी। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!