IND vs SA 3rd T20I, Pitch Report, Weather Forecast: जानें, भारत-दक्षिण अफ्रीका तीसरे टी20 की पिच रिपोर्ट और मौसम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2022, 05:00 PM IST

IND vs NZ 3rd T20I Pitch Report, Weather Report Today: आज भारत और दक्षिण अफ्रीका की तीसरे टी20 मैच में टक्कर होगी। जानिए, पिच रिपोर्ट और मौसम का संभावित हाल। भारतीय टीम के लिए करो या मरो मुकाबला।

IND vs SA 3rd T20I, Pitch Report, Weather Forecast: जानें, भारत-दक्षिण अफ्रीका तीसरे टी20 की पिच रिपोर्ट और मौसम

Today Match Pitch Report, India vs South Africa 3rd T20I: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज विशाखापट्टनम के डॉ वाय एस राजशेखर रेड्डी एसीए वीडीसीए क्रिकेट स्‍टेडियम में पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले का लाइव एक्‍शन शाम 7 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। ऋषभ पंत के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला करो या मरो की स्थिति का है। टीम इंडिया मौजूदा सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही है और सीरीज शिकस्‍त से बचने के लिए उसे हर हाल में आज जीत दर्ज करना होगी।

टेंबा बावुमा के नेतृत्‍व वाली दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत को सात विकेट से शिकस्‍त दी थी। दिल्‍ली के अरुण जेटली स्‍टेडियम पिच पर भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करके 211/4 का स्‍कोर बनाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। इसके बाद दूसरे टी20 में हेनरिच क्‍लासेन की उम्‍दा पारी की बदौलत प्रोटियाज टीम ने भारत को चार विकेट से मात देकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई। बावुमा कंपनी की कोशिश आज का मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी।

भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला महत्‍वपूर्ण है। मौजूदा सीरीज में दोनों बार लक्ष्‍य का पीछा करने वाली टीम मैच जीती है। ऐसे में एक बार फिर आज टॉस महत्‍वपूर्ण होगा। चलिए जानते हैं कि आज की पिच और मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

डॉ वाय एस राजशेखर रेड्डी एसीए वीडीसीए क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच रिपोर्ट (IND vs SA 3rd T20I Pitch Report)

डॉ वाय एस राजशेखर रेड्डी एसीए वीडीसीए क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच से गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्‍मीद है। यहां पर तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को फायदा मिल सकता है। इस स्‍थान पर अब तक दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए और दोनों में स्‍कोर बेहद कम रहा। लक्ष्‍य का पीछा करने वाली टीम ने ही मैच भी जीता। 2016 में टीम इंडिया ने श्रीलंका को महज 82 रन पर ऑलआउट कर दिया था और फिर 14 ओवर के अंदर लक्ष्‍य हासिल कर लिया था। इसके बाद 2019 में भारत ने ऑस्‍ट्रेल‍िया को 126/7 के स्‍कोर पर रोका और तीन विकेट से मैच जीता। बल्‍लेबाजों को यहां कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। एक दिलचस्‍प लो स्‍कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है क्‍योंकि दोनों ही टीमों में शानदार गेंदबाज मौजूद हैं।

आज कैसा रहेगा विशाखापट्टनम का मौसम  (Visakhapatnam Weather Forecast Today)

विशाखापट्टनम के मौसम का हाल फैंस को निराश कर सकता है। यहां गर्मी और उमस तो है, लेकिन बारिश की संभावना भी बनी हुई है। दिन में विशाखापट्टनम का तापमान 32 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्‍मीद है। यह शाम को घटकर 25 डिग्री तक जा सकता है। वहीं उमस 63 प्रतिशत रहने की उम्‍मीद है। हालांकि, मैच के दिन शाम में बारिश के 20 प्रतिशत आसार है। हवा के तकरीबन 13-17 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है। फैंस दुआ करेंगे कि बारिश नहीं हो और भारतीय टीम मुकाबला जीतकर सीरीज का अंतर 1-2 से कम कर सके।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!