Women's World Cup 2022: दक्षिण अफ्रीका का धमाकेदार प्रदर्शन जारी, न्यूजीलैंड को दी रोमांचक मुकाबले में मात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 17, 2022, 03:42 PM IST

South Africa Women beat New Zealand Women: दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को मात देकर आईसीसी महिला विश्व कप 2022 में लगातार चौथी जीत दर्ज की है। इस बार भी द. अफ्रीकी टीम को आखिरी ओवर में जीत नसीब हुई।  

Women's World Cup 2022: दक्षिण अफ्रीका का धमाकेदार प्रदर्शन जारी, न्यूजीलैंड को दी रोमांचक मुकाबले में मात
Photo Credit: Twitter

हैमिल्टन: मरिजान कैप के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को सेडॉन पार्क में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड को दो विकेट से मात दी। ये दक्षिण अफ्रीका की विश्व कप में लगातार चौथी जीत है। जबकि मेजबान न्यूजीलैंड को पांच मैच तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा है।

यह महिला क्रिकेट विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की पहली जीत भी थी। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका अंक तालिका में 8 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी अबतक खेले चारों मुकाबले जीते हैं। लेकिन नेट रन रेट के आधार पर वो पहले स्थान पर काबिज है। टूर्नामेंट में यह तीसरा मौका है जब दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अंतिम ओवरों में कड़े मुकाबले के बाद जीत हासिल की।

वोल्वार्ट और सुन ने रखी जीत की नींव
सलामी बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ट (67) और कप्तान सुन लुस (51) के अर्धशतकों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 49.3 ओवर में न्यूजीलैंड द्वारा जीत के लिए दिए 229 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। 73 रन पर दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद वोल्वार्ट और कप्तान लुस के बीच तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी हुई। दोनों ने टीम को 35.5 ओवर में 161 रन तक पहुंचा दिया था। 

मैरिजान कैप ने फिर दिलाई जीत 
लेकिन उसके बाद कीवी गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 170 रन पर 5 विकेट पर ला पटका। लौरा वोल्वार्ट, मिगनॉन डू प्रीज और सुन लुस पवेलियन लौट गई थीं। लेकिन ऐसे में ऑलराउंडर मैरीजान कैप ने एक छोर से मोर्चा संभाला और विकेटों की पतझड़ के बीच आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचा दिया। कैप ने दबाव में एक बार फिर 35 गेंद में 34 रन की नाबाद पारी खेली। पारी के 47वें ओवर में चार चौके जड़े। दूसरे छोर से विकेट गिर रहे थे लेकिन उन्होंने खुद को शांत रखा और टीम को 3 गेंद और 2 विकेट शेष रहते जीत दिला दी। 

कीवी टीम 228 रन पर हो गई थी ढेर
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान न्यूजीलैंड की टीम 47.3 ओवर में 228 रन बनाकर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर रन नहीं बनाने दिए। सोफी डिवाइन ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 93 रन बनाए और अमेलिया केर ने 42 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने 31 रन देकर 3, शबनीम इस्माइल ने 27 रन देकर 3 और कैप वे 44 रन देकर 2 विकेट झटके। कैप को उनके मैच जिताऊ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

संक्षिप्त स्कोर :
न्यूजीलैंड 47.5 ओवर में 228 (सोफी डिवाइन 93, अमेलिया केर 42, शबनीम इस्माइल 3/27, अयाबोंगा खाका 3/31) दक्षिण अफ्रीका 49.3 ओवर में 229/8 (लौरा वोल्वार्ट 67, सुने लूस 51 अमेलिया केर 3/50, फ्रेंकी मैके 2/49)।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!