Happy Birthday Yuvraj Singh: वो दिन बिलकुल अलग था, युवराज सिंह ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड,‍ दुनिया में कोई बराबरी नहीं कर सका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 12, 2021, 07:30 AM IST

Happy Birthday Yuvraj Singh: टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह आज अपना 40वां जन्‍मदिन मना रहे हैं। युवी भारत के सबसे बड़े मैच विनर्स में से एक रहे हैं। उन्‍होंने अपने करियर के दौरान एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसे आज तक कोई तोड़ नहीं पाया।

Happy Birthday Yuvraj Singh: वो दिन बिलकुल अलग था, युवराज सिंह ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड,‍ दुनिया में कोई बराबरी नहीं कर सका

नई दिल्‍ली: टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह आज अपना 40वां जन्‍मदिन मना रहे हैं। सफेद गेंद क्रिकेट में भारतीय टीम के सबसे बड़े मैच विनर्स में से एक रहे युवराज सिंह का जन्म 12 दिसंबर 1981 को चंडीगढ़ में हुआ था। युवराज क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं लेकिन जब वह मैदान पर उतरते थे तो फैंस में उनके लिए दीवानगी देखते ही बनती थी। टीम की हालत अगर खस्ता है और युवी क्रीज पर होते तो फैंस को उम्‍मीद रहती थी कि वो संकट से उबार ले जाएंगे। वह एक दशक से भी ज्यादा वक्त तक टीम इंडिया के संकटमोचक रहे। 

युवी का करियर इसे बखूबी साबित भी करता है। उन्होंने भारत के लिए 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने कुल 11,778 रन बनाए, जिसमें 1900 टेस्ट, 8701 वनडे और 1177 रन टी-20 से आए। वहीं, उन्होंने गेंदबाजी में उनका हुनकर खुलकर सामने आया। उन्होंने टेस्ट में 9, वनडे में 111 और टी20 अंतरराष्ट्रीय मे 28 विकेट चटकाए। वह देश के चुनिंदा क्रिकेटरों में से हैं जिन्हें तीनों अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला। उन्होंने क्रिकेट फैंस को कुछ ऐसे पल दिए हैं जिन्हें भुलाना नामुमकिन है। 

वर्ल्‍ड रिकॉर्ड युवी के नाम

युवराज एक ऐसे कारनामे को अंजाम दे चुके हैं, जिसे अब तक महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली भी नहीं कर पाए हैं। युवराज को 'सिक्सर किंग' के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने यह खास नाम साल 14 साल पहले आईसीसी टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हासिल किया था। युवराज ने दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले टी20 विश्व कप में 19 सितंबर 2007 को एक ओवर में छह छक्के जड़े थे। यह ओवर स्टुअर्ट ब्रॉड ने डाला था। भारत की पारी का यह 19वां ओवर था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर्शल गिब्स के बाद एक ओवर में छह छक्के मारने वाले वह दूसरे बल्लेबाज थे।

युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 16 गेंदों में 3 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 58 रन की तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने महज 12 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मट में सबसे कम गेंदों में अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड आज भी युवराज के नाम ही है। उनकी पारी की बदौलत ही भारत ने 218/4 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। भारत ने इंग्लैंड को इस मैच में 18 रनों से मात दी थी। भारत ने आगे चलकर खिताब भी अपने नाम किया था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!