कोरोना से जंग हारे पूर्व क्रिकेटर राजेंद्र सिंह जडेजा, रैफरी से लेकर चयनकर्ता की संभाली जिम्मेदारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 16, 2021, 12:23 PM IST

Rajendrasinh Jadeja Dies: पूर्व क्रिकेटर और रैफरी राजेंद्र सिंह जडेजा कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। उन्होंने रविवार सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया।

कोरोना से जंग हारे पूर्व क्रिकेटर राजेंद्र सिंह जडेजा, रैफरी से लेकर चयनकर्ता की संभाली जिम्मेदारी

राजकोट: सौराष्ट्र के पूर्व तेज गेंदबाज और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के रैफरी राजेंद्र सिंह जडेजा का कोविड-19 संक्रमण के कारण निधन हो गया। सौराष्ट्र क्रिकेट संघ (एससीए) ने रविवार को यह जानकारी दी। जडेजा 66 साल के थे। एससीए ने बयान में कहा, 'एससीए में सभी राजेंद्रसिंह जडेजा के असामयिक निधन से दुखी हैं जो सौराष्ट्र के अतीत के सबसे शानदार क्रिकेटरों में से एक थे। कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए आज तड़के उनका निधन हुआ।'

इतने मैचों में  रैफरी रहे राजेंद्र सिंह जडेजा

जडेजा दायें हाथ के उम्दा तेज गेंदबाज होने के अलावा अच्छे आलराउंडर भी थे। उन्होंने 50 प्रथम श्रेणी और 11 लिस्ट ए मैचों में क्रमश: 134 और 14 विकेट चटकाए। उन्होंने इन दोनों प्रारूपों में क्रमश: 1,536 और 104 रन भी बनाए। जडेजा 53 प्रथम श्रेणी, 18 लिस्ट ए और 34 टी20 मैचों में बीसीसीआई के आधिकारिक रैफरी भी रहे। वह सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के चयनकर्ता, कोच और टीम मैनेजर भी रहे।

'वह सबसे शानदार व्यक्तियों में से थे'

बीसीसीआई और एससीए के पूर्व सचिव निरंजन शाह ने कहा, 'राजेंद्र सिंह जडेजा स्तर, शैली, नैतिकता और शानदार क्रिकेट क्षमता वाले व्यक्ति थे। क्रिकेट के प्रति उनका समर्पण और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।' एससीए अध्यक्ष जयदेव शाह ने भी उनके निधन पर शोक जताया, 'यह विश्व क्रिकेट की बड़ी हानि है। राजेंद्र सर जिन लोगों से मैं मिला उनमें सबसे शानदार व्यक्तियों में से थे। मैं भाग्यशाली रहा कि उनके हमारे मुख्य कोच, मैनेजर और मार्गदर्शक रहते मैंने कई मैच खेले।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!