टॉप क्रिकेटर से दिग्गज पहलवान तक, 2021 में भारतीय खेल जगत इन 5 विवादों के बीच उलझा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2021, 06:00 AM IST

Indian Sports controversies in 2021: भारतीय खेल जगत में साल 2021 भी विवादों से अछूता नहीं रहा। भारतीय खेल जगत के कई शीर्ष खिलाड़ी भी इस साल विवादों के घेरे में आने से बच नहीं सके।

टॉप क्रिकेटर से दिग्गज पहलवान तक, 2021 में भारतीय खेल जगत इन 5 विवादों के बीच उलझा
Photo Credit: PTI

Indian sports controversy, year 2021: साल 2021 खेल जगत में कई विवाद हुए। कभी टीमों से जुड़े तो कभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत तौर पर जुड़े विवाद सामने आते रहे। भारतीय खेल जगत भी विवादों से अछूता नहीं रहा। क्रिकेट से लेकर कुश्ती तक और एथलेटिक्स से लेकर तमाम अन्य खेलों तक कई ऐसे विवाद सामने आए जिन्हें  कभी भारतीय फैंस भुला नहीं सके। इसमें देश के तमाम शीर्ष खिलाड़ियों के नाम भी शामिल रहे। आइए जानते हैं कि क्या थे ये विवाद।

Sushil Kumar arrested

1. कुश्ती जगत पर काला धब्बा

भारतीय कुश्ती ने 2008 के बीजिंग ओलंपिक से लेकर अब तक जो उड़ान भरी है, उसमें एक पहलवान का बड़ा योगदान रहा था और वो हैं सुशील कुमार। लेकिन शायद ही किसी ने सोचा था कि करियर के अंतिम मोड़ पर ये खिलाड़ी क्या से क्या हो गया था। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भारतीय पहलवान सुशील कुमार युवा पहलवान सागर धनखड़ का अपहरण करने और उसकी हत्या करने के दोषी पाए गए। मामले का वीडियो भी सामने आया जिसमें सुशील इस युवा पहलवान को पीटते नजर आए। पुलिस ने उनको गिरफ्तार करते हुए खुलासा किया कि सुशील कुमार मामले में मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी हैं।

Sania Bopanna

2. बोपन्ना-सानिया टेनिस विवाद

लिएंडर पेस और महेश भूपति के दौर के बाद अगर दो भारतीय टेनिस खिलाड़ी जिनसे सबसे ज्यादा उम्मीदें रहती आई हैं, वो हैं रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा। दोनों ने शीर्ष स्तर पर भारत का नाम कई बार रोशन किया है। लेकिन इस साल तब बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब टोक्यो ओलंपिक के लिए रोहन बोपन्ना का नाम आगे नहीं भेजा गया। बोपन्ना ने सार्वजनिक रूप से इंडियन टेनिस फेडरेशन पर गंभीर आरोप लगाए कि फेडरेशन ने उनको व देश को गुमराह किया। बोपन्ना के मुताबिक आईटीएफ ने टोक्यो ओलंपिक के लिए उनके और सुमित नागल के नाम को स्वीकार नहीं किया। सानिया मिर्जा ने भी इसको लेकर हैरानी जताई क्योंकि इसकी वजह से भारत ने एक पदक जीतने का मौका खो दिया क्योंकि ये दोनों जोड़ीदार बनकर खेलने वाले थे।

Mohammed Shami

3. मोहम्मद शमी विवाद

आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम जब अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान से हारी तो कुछ लोगों ने मोहम्मद शमी को निशाना बनाते हुए उन पर आरोप लगाए कि वही टीम इंडिया की हार की वजह बने। सोशल मीडिया पर शमी को लेकर काफी आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं लेकिन इसके बाद पूरा भारतीय क्रिकेट जगत शमी के साथ खड़ा नजर आया और टीम व साथियों के समर्थन के दम पर शमी मैदान पर वापसी करने में सफल हुए।

Rishabh Pant

4. विदेश में कोविड नियमों का उल्लंघन

भारतीय क्रिकेट टीम साल 2021 में अपने इंग्लैंड दौरे को लेकर तब काफी शर्मिंदा हुई जब एक किताब विमोचन कार्यक्रम भारतीय दल में कोविड-19 संक्रमण की वजह बन गया। दरअसल, नियमों के मुताबिक पूरी टीम व स्टाफ बायो-बबल में था और दौरे का यही प्रोटोकॉल था लेकिन रवि शास्त्री ने लंदन स्थित होटल में अपनी किताब का विमोचन किया जिसमें वो खुद और कप्तान विराट कोहली के साथ कई और सदस्य मौजूद रहे। बाद में भारतीय क्रिकेटर रिषभ पंत भी अपने कुछ दोस्तों के साथ फुटबॉल मैच का लुत्फ उठाते पाए गए। नतीजतन, शास्त्री और पंत कोविड पॉजिटिव पाए गए, व सपोर्ट स्टाफ के कई सदस्य भी कोविड संक्रमित मिले।

Virat Kohli and Rohit Sharma

5. कप्तानी का 'सबसे बड़ा विवाद'

भारतीय क्रिकेट में शीर्ष खिलाड़ियों व शीर्ष पद को लेकर विवाद कोई नई बात नहीं है लेकिन इस साल के खत्म होते-होते टीम इंडिया की कप्तानी को लेकर जो विवाद छिड़ा वैसा शायद पहले कभी नहीं देखा गया। टी20 विश्व कप से पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने खुद से ऐलान किया कि वो टी20 विश्व कप के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी नहीं करेंगे। रोहित टी20 कप्तान बनाए गए। लेकिन हाल ही में दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम की घोषणा के दौरान बीसीसीआई ने अचानक विराट को वनडे कप्तानी पद से भी हटा दिया। इसको लेकर बीसीसीआई अध्यक्ष सौव गांगुली और विराट के बयानों में विरोधाभास दिखा और फैंस इसे दरार के रूप में भी देखने लगे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!