एक और क्रिकेटर ने देश छोड़ने का किया फैसला, सनराइजर्स हैदराबाद की चैंपियन टीम का रहा हिस्सा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 27, 2021, 07:12 PM IST

Bipul Sharma retires from Indian cricket: अमेरिका में बेहतर करियर की तलाश में कई खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। अब इस कड़ी में बिपुल शर्मा का नाम भी जुड़ गया है।

एक और क्रिकेटर ने देश छोड़ने का किया फैसला, सनराइजर्स हैदराबाद की चैंपियन टीम का रहा हिस्सा
Photo Credit: Twitter

भारत के कई खिलाड़ी नए सिरे से अपने क्रिकेट करियर को संवारने के लिए अमेरिका का रुख कर रहे हैं। अब इस लिस्ट में घरेलू क्रिकेट के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ियों में से एक बिपुल शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। बिपुल ने देश छोड़कर अमेरिका में क्रिकेट खेलने का फैसला किया है। अनुभवी ऑलराउंडर साल 2016 में आईपीएल खिताब जीतने वाली सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रहा है। वह हैदराबाद के अलावा पंजाब फ्रेंचाइजी से भी खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में 33 मैच खेले और 28 पारियों में 17 विकेट चटकाए। वहीं, 17 पारियों में बैटिंग करते हुए 187 रन बनाए।

बिपुल ने घरेलू क्रिकेट में पंजाब, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम का प्रतिनिधित्व किया है। चूंकि बिपुल ने अब अमेरिका में क्रिकेट खेलने का निर्णय किया है तो वह भारतीय क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नियम के मुताबिक, विदेशी लीग में खेलने के लिए खिलाड़ी को आईपीएल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेना होगा। बिपुल ने 59 फर्स्ट क्लास मैचों में 3012 रन बनाए और 126 विकेट झटके। उन्होंने 96 लिस्ट ए मैचों में 1620 रन जोड़े और 96 शिकार किए। बिपुल ने 105 टी20 में 1203 रन जुटाने के साथ-साथ 84 विकेट अपनी झोली में डाले। 

बता दें कि बिपुल ने रिटायरमेंट की घोषणा इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लंबी पोस्ट लिखकर की। उन्होंने कहा कि वह 25 साल से खेल खेल रहे हैं और अब अलविदा कहने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के खेल में उनकी यात्रा यागदार रही। उन्होंने लगातार सपोर्ट करने के लिए अपने परिवार को धन्यवाद दिया। 38 वर्षीय क्रिकेटर ने अपने कोचों और शुभचिंतकों को भी शुक्रिया कहा। इसके अलावा बिपुल शर्मा ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए), हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) और सिक्किम क्रिकेट एसोसिएशन का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी दो आईपीएल फ्रेंचाइजी का भी शुक्रिया अदा किया।

हालांकि, अभी इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है कि बिपुल अमेरिका में किस लीग में खेलेंगे। वैसे, अमेरिका जाने वाले अधिकांश भारतीय खिलाड़ियों ने माइनर लीग के साथ करार किया है। उन्मुक्त चंद अमेरिका में क्रिकेट खेलने गए सबसे हाई-प्रोफाइल भारतीय खिलाड़ी है। उन्होंने 2021 में भारतीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!