Asia Cup 2022: फाइनल में भानुका राजपक्षे ने उड़ाए पाकिस्तानी गेंदबाजों के छक्के, जड़ा धमाकेदार अर्धशतक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 11, 2022, 10:10 PM IST

श्रीलंका के बल्लेबाज भानुका राजपक्षे ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की मैच में वापसी करा दी।

Asia Cup 2022: फाइनल में भानुका राजपक्षे ने उड़ाए पाकिस्तानी गेंदबाजों के छक्के, जड़ा धमाकेदार अर्धशतक
Photo Credit: AP

दुबई: पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2022 के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 170 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। खराब शुरुआत के बाद श्रीलंका की टीम 8.5 ओवर में 58 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन उसके बाद श्रीलंका ने धमाकेदार वापसी करते हुए अगले 11 ओवर में केवल 1 विकेट गंवाया और 112 रन जड़ दिए।

राजपक्षे ने खेली 45 गेंद में 71 रन की पारी
श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका भानुका राजपक्षे ने अदा की। भानुका ने 45 गेंद में 71 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े। बल्लेबाजी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 157.77 का रहा। पांचवें पायदान पर बल्लेबाजी करने भानुका ने सधे हुए अंदाज में अपनी बल्लेबाजी की शुरुआत की। उन्होंने छठे विकेट के लिए वनिंदु हसरंगा के साथ 36 गेंद में 58 रन की साझेदारी की और अंत में 31 गेंद में नाबाद 54* रन की साझेदारी करके 170 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया।

फाइनल के लिए बचाकर रखा था सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
अबतक एशिया कप में राजपक्षे का प्रदर्शन औसत रहा था लेकिन उन्होंने लीग और सुपर फोर दौर के चार मैचों में 38, 2, 31, 25*, 24 रन की पारी खेली थी। लेकिन उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन फाइनल के लिए बचा कर रखा था। उन्हें फाइनल मुकाबले में दो जीवनदान मिले लेकिन उन्होंने उसका फायदा उठाते हुए अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से विरोधी गेंदबाजों के छक्के छुड़ाकर टीम को मुश्किल से उबारकर प्रशंसकों के दिल जीत लिए। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!