BAN vs WI, T20 World Cup: वेस्टइंडीज-बांग्लादेश के बीच आज 'करो या मरो' का मुकाबला, जानिए क्या हैं समीकरण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 29, 2021, 06:00 AM IST

Bangladesh vs West Indies T20 World Cup 2021 Match Preview: शुक्रवार को शारजाह में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच भिड़ंत होने जा रही है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए दोनों के लिए ये मुकाबला करो या मरो का है। 

BAN vs WI, T20 World Cup: वेस्टइंडीज-बांग्लादेश के बीच आज 'करो या मरो' का मुकाबला, जानिए क्या हैं समीकरण

शारजाह: लगातार दो हार से त्रस्त मौजूदा चैंपियन वेस्टइंडीज और बांग्लादेश टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप एक मैच में शुक्रवार को जब आमने-सामने होंगे तो उनके लिये यह मैच 'करो या मरो' जैसा होगा क्योंकि इसमें हारने वाली टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो जाएंगी। वेस्टइंडीज को जहां इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा वहीं बांग्लादेश को इंग्लैंड और श्रीलंका ने पराजित किया। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जीवंत रखने के लिये इन दोनों टीमों को अब जीत की दरकार है।

लिंडल सिमंस ने डुबोई पिछले मैच में लुटिया 
वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी की अपनी कमजोरियों को दूर करने की जरूरत है। इंग्लैंड के खिलाफ उसकी टीम केवल 55 रन पर ढेर हो गयी। उसके सभी बल्लेबाजों ने अपने विकेट इनाम में दिये। उन्होंने धीमी पिच पर एक दो रन चुराने के बजाय बड़े शॉट खेलने पर ध्यान दिया। दो बार के चैंपियन ने इसके बाद दूसरे मैच में अपना रवैया थोड़ा बदला और लेंडल सिमन्स को पारी संवारने का जिम्मा दिया लेकिन यह सलामी बल्लेबाज बेहद धीमा खेला तथा उन्होंने 35 गेंदों पर 16 रन बनाये जिससे टीम पर दबाव बढ़ा। इस कारण एविन लुईस जैसे अन्य बल्लेबाजों को जोखिम भरे शॉट खेलकर अपने विकेट गंवाने पड़े। वेस्टइंडीज ने 11वें से 20वें ओवर के बीच 64 रन के अंदर आठ विकेट गंवाये और बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहा।

रोस्टन चेज को मिल सकता है सिमंस की जगह मौका 
अगले मैच में सिमन्स की जगह रोस्टन चेज को लिया जा सकता है जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच में नाबाद 54 रन बनाये थे। वह उपयोगी गेंदबाज भी हैं और स्पिन विभाग में विकल्प मुहैया करा सकते हैं। जेसन होल्डर के टीम से जुड़ने से वेस्टइंडीज को मजबूती मिली है। होल्डर ने इंडियन प्रीमियर लीग में बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया था। यूएई की परिस्थितियां हालांकि वेस्टइंडीज के 'बिग हिटर' के अनुकूल नहीं हैं। उसने यहां जो पिछले सात मैच खेले हैं उनमें उसे जीत नहीं मिली। इनमें टूर्नामेंट से पहले के दोनों अभ्यास मैच भी शामिल हैं। 

बांग्लादेश की बल्लेबाजी रही है नाकाम 
दूसरी तरह बांग्लादेश इस तरह के विकेटों पर खेलने का आदी है लेकिन वह इसका फायदा उठाने में नाकाम रहा है। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को हराकर टूर्नामेंट में छठे रैंकिंग की टीम के रूप में प्रवेश करने वाली बांग्लादेश की टीम के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है। अपने पिछले पांच मैचों में से वह केवल दो में जीत दर्ज कर पाया। मोहम्मद नईम, लिटन दास, शाकिब अल हसन, महमुदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम के रूप में बांग्लादेश के पास प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं लेकिन वे सामूहिक योगदान देने में असफल रहे हैं। उसकी गेंदबाजी में अनुशासन की कमी दिखी और उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उसके स्पिनरों की भूमिका अहम होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
वेस्टइंडीज: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), निकोलस पूरण, ड्वेन ब्रावो, रोस्टन चेज, आंद्रे फ्लेचर, क्रिस गेल, शिमरोन हेटमायर, एविन लुईस, जैसन होल्डर, लेंडल सिमंस, रवि रामपॉल, आंद्रे रसेल, ओशेन थॉमस, हेडन वॉल्श जूनियर, अकील हुसैन।

बांग्लादेश: महमूदुल्लाह (कप्तान), लिटन दास, मोहम्मद नईम, महेदी हसन, शाकिब अल हसन, सौम्य सरकार, मुशफिकुर रहीम, नूरुल हसन, अफीफ हुसैन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, शमीम हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, मोहम्मद सैफुद्दीन और शोरफुल इस्लाम।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!